
चम्बा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के अंतर्गत आने वाले हलून गांव में कुदरत का कहर इस कद्र बरपा है कि वहां स्थिति काफी भयावह हाे गई है। भारी बारिश के चलते रावी नदी में आए प्रचंड उफान ने इस गांव के करीब 8 से 9 घर बहा दिए हैं और कई अन्य मकान खतरे में हैं। सौभाग्य से समय रहते सभी परिवारों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन संपत्ति का भारी नुक्सान हुआ है।
बाढ़ से हटकर अगर बात करें ताे जिले में पिछले 24 घंटों में भूस्खलन के चलते 4 लोगों की जान जा चुकी है। बसोधन पंचायत में एक भाई-बहन जो घर के पास भूस्खलन देखने गए थे, मलबे में दबकर उनकी मौत हो गई। वहीं भिमला पंचायत में 4 महिलाएं घर के पास काम कर रही थीं, तभी अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने लगे। इनमें से 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और बाकी 2 गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं डल्हौजी क्षेत्र में 50 से भी ज्यादा घरों पर खतरा मंडरा रहा है और इलाके में पिछले दो दिनों से बिजली, पानी और मोबाइल नैटवर्क पूरी तरह से बंद है।








