
बिलासपुर: बिलासपुर जिला के सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत मैहथी के ढडोग गांव में करंट की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की माैत हाे गई, जबकि उसकी बहू घायल हाे गई। मृतक महिला की पहचान शकुंतला देवी (73) पत्नी वंशी के रूप में की गई है, जबकि सुनीता देवी पत्नी बृज लाल अस्पताल में उपचाराधीन है।
हादसा गुरुवार सुबह उस समय पेश आया जब उक्त दाेनाें सास-बहू मशीन से चारा काट रही थीं। इस दाैरान अचानक शकुंतला देवी और उसकी बहू सुनीता करंट की चपेट में आ गईं। इस दाैरान शकुंतला देवी मौके पर ही गिर गईं जबकि उनकी बहू सुनीता देवी भी घायल हो गई।
परिजनाें काे जैसे ही घटना का पता चला ताे उन्हाेंने दोनों महिलाओं काे एम्स बिलासपुर पहुंचाया, जहां डाॅक्टराें ने शकुंतला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी काे उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग महिला के शव काे कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।








