वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कुल्लू: आनी के लोअर पटारना गांव में भूस्खलन, मलबे में दफन हुए 3 घर, 2 जिंदगियों की तलाश जारी

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की आनी तहसील के लोअर पटारना गांव में कुदरत का कहर बरपा है। देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गांव के ऊपर स्थित पहाड़ी में भूस्खलन हुआ, जिससे एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इसके चलते गांव में स्थित 3 मकान देखते ही देखते मलबे के ढेर में समा गए। सामने दिख रही तस्वीर से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि मंजर कितना खाैफनाक है। पहाड़ी से कई टनाें के हिसाब से मलबा नीचे आया है।

इस भयावह हादसे के बाद से गांव की 2 महिलाएं लापता हैं। आशंका है कि वे उस वक्त अपने घरों में ही थीं और मलबे के नीचे दब गई हैं। उनके परिवार और पड़ोसी गहरे सदमे में हैं और उनकी आंखों में केवल अपनों को सुरक्षित वापस पाने की उम्मीद है। इस घटना में कुछ मवेशियों के भी मलबे में दबे होने की खबर है, जो इन ग्रामीण परिवारों के लिए रोजी-रोटी का जरिया थे।

वहीं सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं हैं और बचाव एंव राहत कार्य तेज कर दिया गया। गांव के लोग और बचावकर्मी मिलकर जान हथेली पर रखकर मलबा हटाने के काम में जुटे हैं, लेकिन इस काम में मौसम सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। इसके चलते पहाड़ी से और मलबा खिसकने का खतरा लगातार बना हुआ है।

इस आपदा ने गांव को बाहरी दुनिया से लगभग काट दिया है। भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से क्षेत्र की ओर आने वाली कई ग्रामीण सड़कें पूरी तरह से बंद हो चुकी हैं। सड़कों पर जगह-जगह मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थर जमा हो गए हैं, जिससे बड़ी मशीनें और अतिरिक्त मदद घटनास्थल तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

हालात की गंभीरता को समझते हुए प्रशासन ने बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। इसके अलावा प्रशासन ने उन अन्य घरों को भी खाली कराना शुरू कर दिया है जो भूस्खलन के खतरे की जद में हैं। इन घरों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। प्रशासन की टीमें पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए हैं और अन्य संवेदनशील जगहों की भी लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी और अनहोनी को टाला जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!