चम्बा: जिला चम्बा में 23 से 26 अगस्त तक हुई भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों के निरीक्षण के लिए लोक मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जिला चम्बा का दौरा किया। इस दाैरान उन्होंने पठानकोट-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य विभिन्न संपर्क सड़कों का निरीक्षण भी किया तथा क्षतिग्रस्त स्थलों पर विभागीय अधिकारियों को महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
अपने दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि हाल ही में 23 से 26 अगस्त तक पूरे प्रदेश हुई भारी वर्षा के कारण राज्य में भारी क्षति हुई है तथा जिला चम्बा भी इसे अछूता नहीं है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि न्यूनतम समय में सड़क मार्गों की बहाली सरकार की उच्च प्राथमिकता है, ताकि आपदा प्रभावित क्षेत्रों मे यातायात सुविधा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि पठानकोट-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग को विभिन्न स्थानों पर हुई क्षति का विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए विभाग के उच्च अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। जिला के एकमात्र राष्ट्रीय राजमार्ग को हुए भारी नुक्सान के संबंध में विभागीय अधिकारियों को एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग की नोडल एजैंसी के माध्यम से यथाशीघ्र बजट की उपलब्धता सुनिश्चित कर समस्या का दीर्घकालिक समाधान हो सके।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वे शीघ्र ही क्षतिग्रस्त चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग का भी निरीक्षण करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग यथाशीघ्र बहाल हो। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जिला चम्बा के ग्रामीण क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से निर्मित अनेक सड़कों को भी भारी क्षति हुई है, जिसके विषय में जिला मुख्यालय चम्बा में बैठक आयोजन कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी तथा ग्रामीण सड़कों के लिए भी सरकार द्वारा विशेष बजट उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी क्षेत्रवासियों को आवाजाही की समस्या से न जूझना पड़े।
लोक निर्माण मंत्री ने पठानकोट-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा चम्बा-खजियार तथा चम्बा- साहाे मार्ग का भी निरीक्षण उन्होंने परेल घार, मंगला तथा पलयूर में भारी बर्षा से क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दाैरान स्थानीय विधायक नीरज नैयर, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद व अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार सहित लोक निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।








