वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कुल्लू: फिर पटरी पर लाैटने लगी जिंदगी, मनाली-अलेउ-कुल्लू मार्ग छाेटे वाहनों के लिए बहाल

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पिछले दिनों आई प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। चारों ओर तबाही का मंजर था, लेकिन अब इस सुंदर घाटी में जिंदगी एक बार फिर पटरी पर लाैटने लगी है। प्रशासन और विभिन्न विभागों की टीमें दिन-रात आवश्यक सेवाओं काे बहाल करने में जुटी हुई हैं। ताजा जानकारी के अनुसार मनाली-अलेउ-कुल्लू मार्ग छाेटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। बाह्णु पुल जो इस आपदा में क्षतिग्रस्त हो गया था, उसे भी युद्धस्तर पर बहाल किए जाने की सूचना है। ये दोनों ही कदम आम जनता और राहत कार्यों के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं।

कुल्लू की डीसी तोरूल एस. रवीश ने स्वयं इन प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सड़क बहाली का काम पूरी गति से चल रहा है। उन्होंने बताया कि कुल्लू और मनाली के बीच नदी के लैफ्ट बैंक हो या राइट बैंक दोनों तरफ से कनैक्टिविटी को सुनिश्चित करने के लिए तेजी से काम हो रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-03 जिसका लगभग 100 किलोमीटर का हिस्सा विभिन्न जगहों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। इसे फिर से दुरुस्त करने में भी टीमें जुटी हैं।

डीसी ने बताया कि मनाली में जल शक्ति विभाग की पेयजल योजना को रविवार तक पूरी तरह सुचारू कर देने का लक्ष्य है, जिससे स्थानीय निवासियों को पेयजल की आपूर्ति दोबारा मिलने लगेगी। वहीं बिजली की बहाली का काम भी तेजी से चल रहा है और जिले के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, हालांकि बंजार और सैंज जैसे कुछ क्षेत्रों में अभी भी इस पर काम चल रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही इन इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बहाल हाे जाएगी।

डीसी ने बताया कि जिले में अभी भी कुल 175 सड़कें बंद हैं, जिनकी बहाली का कार्य लगातार जारी है। इन बंद सड़कों में कुल्लू सर्कल के बंजार उपमंडल में 45, कुल्लू उपमंडल में 37, मनाली उपमंडल में 26 और आनी-निरमंड क्षेत्र में सर्वाधिक 67 सड़कें शामिल हैं। वहीं जिला में 189 ट्रांसफार्मर और 33 पानी की स्कीमें प्रभावित हुई हैं, जिनकी मुरम्मत भी युद्धस्तर पर की जा रही है ताकि जल्द से जल्द सेवाएं बहाल की जा सकें। डीसी ने बताया कि कुल्लू से मंडी के बीच वाहनों की आवाजाही को भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर प्रबंधित किया जा रहा है ताकि लोग सुरक्षित यात्रा कर सकें और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी बाधित न हो।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!