साेलन: अगर आप नौकरी की तलाश में हैं और फार्मा या संबंधित क्षेत्र में काम करने की इच्छा रखते हैं, तो आपके लिए एक सुनहरा अवसर है। जिला राेजगार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने जानकारी दी है कि बद्दी में स्थित तीन प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए 2 सितम्बर को एक विशेष कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह इंटरव्यू सुबह 10:30 बजे से मॉडल करियर सैंटर, उपरोजगार कार्यालय बद्दी (गुरुद्वारा संडोली के पास) में आयोजित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मैसर्ज एक्वा विटो लैबोरेटरीज बद्दी में हैल्पर और कैमिस्ट के 14 पद, मैसर्ज बीटा ड्रग्स लिमिटेड, बद्दी में कनिष्ठ अधिकारी, एग्जीक्यूटिव और सहायक प्रबंधक के 5 पद और मैसर्ज इनोवा कैपटैब लिमिटेड, बद्दी में अधिकारी और हैल्पर के 20 पद भरे जाएंगे। इंटरव्यू में भाग लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, आई.टी.आई., बी.फार्मा, एम.फार्मा, बी.एससी. कंप्यूटर साइंस और एम.एससी. कंप्यूटर साइंस और आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को विभागीय पोर्टल ईएमआईएस (EMIS) पर जाकर पहले कैंडिडेट लॉगइन टैब के माध्यम रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद अपनी योग्यता के अनुसार अधिसूचित पदों पर आवेदन करें। ध्यान रहे कि आपका नाम पहले से रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना चाहिए, तभी आप आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर विस्तृत जानकारी और रिक्तियों के बारे में विवरण भी उपलब्ध रहेगा।
इंटरव्यू में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज जैसे कि शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल व छायाप्रतियां, उम्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) साथ लाने होंगे। इंटरव्यू में भाग लेने के लिए किसी भी तरह का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
अधिक जानकारी के दूरभाष नंबर 01792-227242 और मोबाइल नंबर 98726-40412, 98169-28706 पर संपर्क कर सकते है। यदि आप इन योग्यताओं को पूरा करते हैं और फार्मा या तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो यह मौका हाथ से न जाने दें। अपने सभी प्रमाण पत्रों के साथ 2 सितम्बर को समय से पहुंचें और अपने करियर की नई शुरुआत करें।








