पांवटा साहिब: भारी बारिश के चलते गिरि नदी में आई बाढ़ से सिरमौर जिले की बांगड़ान बस्ती काे खतरा पैदा हाे गया है। स्थिति को भांपते हुए प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए बचाव अभियान चलाया और बस्ती में फंसे 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। इस रैस्क्यू ऑप्रेशन का सफल नेतृत्व पांवटा साहिब के एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने किया।
एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि बांगड़ान पुल के पास गिरि नदी के किनारे बड़े स्तर पर भूमि कटाव हाे रहा था, जिससे नजदीकी रिहायशी इलाकों में खतरा बढ़ गया था। स्थिति अत्यंत संवेदनशील थी और हमें तत्काल एक्शन लेना पड़ा। प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने में हमारी टीम ने बिना समय गंवाए काम शुरू किया।
बाढ़ के चलते बांगड़ान नंबर-2 लिफ्ट इरिगेशन स्कीम (एलआईएस) को भी काफी नुक्सान हुआ है। वहीं नदी के प्रचंड बहाव में योजना का सम्पवेल और 5 सबमर्सिबल पंप सेट पूरी तरह बह गए हैं। इसके कारण इलाके की सिंचाई व्यवस्था ठप्प हो गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। एसडीएम ने बताया कि स्थिति का आकलन किया जा रहा है और सिंचाई परियोजना को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
एसडीएम ने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय स्थलों पर स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उन्हें भोजन, पानी, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं ताकि किसी भी अनहोनी को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे नदी और नालों के समीप न जाएं और सभी सरकारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि मदद समय पर पहुंच सके।








