बिलासपुर जिला के तहत शाहतलाई के कोटधार क्षेत्र में हुई घटना ने हर किसी का दिल दहला दिया है। डूडियां पंचायत में कलोल को जाने वाले एक पुराने सुनसान रास्ते पर एक युवक का जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सबसे दुखद बात यह है कि जिस घर में 2 महीने बाद शहनाई बजने वाली थी, अब वहां चीत्कार और आंसुओं का सैलाब है।
घटना का पता तब चला जब सुबह स्कूल जा रहे कुछ छोटे बच्चों की नजर उस भयानक दृश्य पर पड़ी। सुनसान रास्ते पर एक जला हुआ शव देखकर बच्चे डर से कांप उठे और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और जो देखा, उससे उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसकी सूचनी तुरंत ही पंचायत प्रधान कुसुम लता को दी गई, जिन्होंने बिना देर किए पुलिस को इस खौफनाक घटना के बारे में बताया।
शुरूआत में शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन जल्द ही मृतक की शिनाख्त डूडियां निवासी सौरभ चंदेल पुत्र महेंद्र सिंह चंदेल के रूप में हुई। यह खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सौरभ अपनी मां के साथ घुमारवीं में रहता था और एक निजी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम करता था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है और एक छोटा भाई है, जिसकी शादी 2 महीने बाद ही तय हुई थी। घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक ही पल में सारी खुशियां मातम में बदल गईं।

सौरभ ने अपनी मां को बताया था कि वह चंडीगढ़ जा रहा है। एक मां ने अपने बेटे को विदा किया था, लेकिन उसे क्या पता था कि यह बेटे का आखिरी सफर बन जाएगा। यह बात अब एक रहस्य बन गई है कि अगर सौरभ घुमारवीं से चंडीगढ़ जा रहा था, तो वह अपने गांव के इस सुनसान रास्ते पर कैसे और किन हालातों में पहुंचा?
पुलिस और फाेरैंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। मौके का मंजर कई सवाल खड़े कर रहा है। शव के पास ही सौरभ के स्कूल और अन्य प्रमाण पत्र भी जली हुई हालत में मिले हैं, जबकि उसका बैग कुछ ही दूरी पर सही-सलामत पड़ा था। क्या किसी ने उसे मारकर सबूत मिटाने की कोशिश की? या फिर यह कोई गहरी निराशा में उठाया गया कदम है? इन सवालों ने मामले को और भी उलझा दिया है।
डीएसपी बिलासपुर मुनीष चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव की पहचान सौरभ चंदेल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फाेरैंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। हम हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं।
फिलहाल हर कोई युवक की रहस्यमयी मौत से स्तब्ध है और परिवार के दुख में शामिल है। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, ताकि इस रहस्य से पर्दा उठ सके कि आखिर सौरभ के साथ क्या हुआ था।








