वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: छठी बार गिरफ्तार हुआ नशे का साैदागर, कमरे में चिट्टे के साथ मिला कुछ ऐसा कि दंग रह गई पुलिस

तस्वीर में जिस शख्स काे आप पुलिस की गिरफ्त में देख रहे हैं, इसका नाम नीरज शर्मा है। यह चिट्टे का मुख्य सप्लायर है। आप जानकर चाैंक जाएंगे कि छठी बार पुलिस ने इसे चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है…जी हां छठी बार। पुलिस ने आराेपी काे कहीं राेड या बाजार से नहीं, बल्कि इसके ही घर से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दाैरान नीरज के कब्जे से 2.70 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। यह मात्रा भले ही कम लगे, लेकिन यह कई युवाओं की नसों में जहर घोलने के लिए काफी थी।

सबसे बड़ी हैरान कि बात ये है कि जब पुलिस इसे पकड़ने इसके घर पहुंची ताे कमरे में इसके साथ एक लड़की भी माैजूद थी, जिसे देख एक पल के लिए पुलिस भी चाैंक गई। पूछताछ में पता चला कि वह भी चिट्टे की आदी है। पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए और यह उसका पहला मामला होने के कारण लड़की को सख्त चेतावनी देकर उसके परिवार के हवाले कर दिया।

बता दें कि मंडी जिला के बल्ह पुलिस थाना की टीम ने गांव के लोगों की मदद से टरोह निवासी नीरज शर्मा के घर दबिश देकर उसे चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। कारवाई के दाैरान पुलिस टीम में एसएचओ बल्ह संजय कुमार, हैड कांस्टेबल रामचंद्र, हैड कांस्टेबल मनु राणा, कॉन्स्टेबल राजकुमार व गृह रक्षक सावित्री देवी मौजूद रहीं। इन्वैस्टीगेशन ऑफिसर रामचंद्र ने बताया कि पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। इसके साथ एक लड़की भी कमरे में पाई गई है, जिसे वाॅर्निंग देकर पहली बार छोड़ दिया गया है।

उधर, आराेपी की छठी बार गिरफ्तारी ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। उन्होंने रोष जाहिर करते हुए कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है। पुलिस इन्हें बार-बार पकड़ती है और ये कुछ ही दिनों में छूटकर वापस आ जाते हैं। ऐसा लगता है जैसे इन्हें कानून का कोई डर ही नहीं है।

लोगों ने आरोप लगाया कि नीरज इतना शातिर है कि वह दिन के उजाले में कभी घर से बाहर नहीं निकलता। उसका सारा काला कारोबार रात के अंधेरे में ही चलता है। उसने गांव की शांति को भंग कर दिया है और इसे नशे का अड्डा बना दिया है। पहले यह लोग शहरों और बाजारों में नशा बेचते थे, लेकिन अब इन्होंने गांवों के युवाओं को अपना निशाना बनाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई हो कि वे दोबारा इस रास्ते पर आने की हिम्मत न कर सकें।

एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि नीरज शर्मा के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं और पुलिस उस पर नजर बनाए हुए थी। यह उसकी छठी गिरफ्तारी है, जो साबित करती है कि वह एक पेशेवर अपराधी है। उन्होंने कहा कि हम नशे के नैटवर्क को तोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नैटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचा जा सके। हम जनता से भी अपील करते हैं कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!