वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भयानक हादसा: नदी में गिरी इंटर्न डॉक्टर्स की कार, एक की मौत…महिला डॉक्टर लापता, 2 गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। चम्बा-पठानकोट नैशनल हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के चार इंटर्न डॉक्टरों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सीधी रावी नदी में जा गिरी। इस हादसे में एक डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला इंटर्न डॉक्टर अभी भी लापता है। वहीं दो अन्य घायल डॉक्टरों को इलाज के लिए चम्बा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा चम्बा थाना क्षेत्र के तहत परेल धार के पास रात करीब 2 बजे हुआ। मेडिकल कॉलेज चम्बा में इंटर्नशिप कर रहे डॉक्टर अखिलेश, इशिका, रिशान्त और दिव्यांक कार (एचपी21बी-1693) में जा रहे थे। इस दाैरान परेल धार के पास कार अचानक अनियंत्रित हाेकर सड़क से सैंकड़ों फुट नीचे रावी नदी के तेज बहाव में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

इस हादसे में डॉ. अखिलेश (25) पुत्र राजकुमार निवासी गांव बढ़ग्रा, तहसील बड़सर व जिला हमीरपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार डॉ. इशिका (23) पुत्री विजय कुमार, निवासी हाटकोटी व जिला शिमला रावी नदी में बहकर लापता है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए डॉ. रिशान्त (24) पुत्र प्रताप चंद निवासी गांव भ्राड़ा, तहसील व डाकघर कुमारसेन व जिला शिमला और डॉ. दिव्यांक (25) पुत्र सतीश शर्मा निवासी गांव विशा, तहसील व डाकघर कडाघाट व जिला सोलन काे रैस्क्यू कर चम्बा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रशासन द्वारा लापता इंटर्न डॉ. इशिका की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद से रावी नदी में एक बड़ा सर्च ऑप्रेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं चम्बा सदर थाना पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि की है। इस घटना से पूरे मेडिकल कॉलेज और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!