लंबे इंतजार के बाद गोबिंद सागर झील की शांत लहरों पर एक बार फिर रोमांच, उत्साह और एडवैंचर की वापसी हुई है। मंगलवार काे जिला प्रशासन ने पर्यटकों को एक शानदार तोहफा देते हुए वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को दोबारा हरी झंडी दिखाकर शुरू कर दिया। इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, जिन्होंने न सिर्फ फीता काटा, बल्कि खुद स्पीड बोट की तेज रफ्तार का आनंद लेकर इन गतिविधियों का शुभारंभ किया।
इस खास मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार केवल एक अधिकारी के तौर पर नहीं, बल्कि एक उत्साही पर्यटक की तरह नजर आए। उन्होंने गोविंद सागर एडवैंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम के साथ क्रूज और स्पीड बोट की सवारी की। लहरों को चीरती स्पीड बोट का अनुभव लेने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह अनुभव अद्भुत है…गोविंद सागर झील में सुरक्षा और रोमांच का बेहतरीन संतुलन है। मैं चाहता हूं कि देश का हर पर्यटक इस खूबसूरती को महसूस करे।
उपायुक्त ने इस अवसर पर जिला प्रशासन के बड़े विजन को सांझा किया। उन्होंने कहा कि हमारा सपना बिलासपुर को सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एडवैंचर स्पोर्ट्स का एक प्रमुख राष्ट्रीय केंद्र बनाना है। पिछले वर्ष मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसकी नींव रखी थी और अब हम उस सपने को और भी संगठित और आकर्षक रूप दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि वॉटर स्पोर्ट्स के साथ-साथ एरो स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन के बेहद करीब और भाखड़ा बांध के मनमोहक नजारों के बीच स्थित गोबिंद सागर झील वाटर स्पोर्ट्स के लिए एक आदर्श जगह है। यहां पर्यटक क्रूज राइड के शांत सफर से लेकर बनाना राइड, स्पीड बोट और वॉटर स्कूटर के तेज रोमांच तक हर तरह की गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, एसडीएम अजय हांडा और गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सराज अख्तर और जिला बिलासपुर के सभी मीडिया संस्थानों के मीडिया कर्मी भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने देश-प्रदेश के सभी पर्यटकों से खुले दिल से अपील की आप सब बिलासपुर आइए, गोबिंद सागर झील की खूबसूरती और यहां के रोमांच का अनुभव कीजिए। जिला प्रशासन आपकी सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। तो अगर आप अपनी छुट्टियों में कुछ रोमांचक और यादगार करना चाहते हैं, तो बिलासपुर की गोबिंद सागर झील आपका इंतजार कर रही है।








