पंजाबी संगीत जगत से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। इस खबर के फैलते ही पूरी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में दुख की लहर दौड़ गई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार राजवीर जवंदा हिमाचल प्रदेश में अपनी बाइक पर बद्दी से शिमला की ओर जा रहे थे। इसी यात्रा के दौरान वह हादसे का शिकार हो गए, जिसके चलते उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गहरी चोटें आई हैं। फिलहाल हादसा किन कारणाें से हुआ, इसकी अभी पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
उधर, फोर्टिस अस्पताल ने एक मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया कि राजवीर जवंदा को दोपहर करीब 1:45 बजे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। बुलेटिन में यह भी बताया गया है कि फोर्टिस लाने से पहले उन्हें एक सिविल अस्पताल में दिल का दौरा भी पड़ा था, जिससे उनकी स्थिति और भी जटिल हो गई। फिलहाल, डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है, लेकिन उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
जैसे ही यह खबर फैली ताे पूरी पंजाबी इंडस्ट्री राजवीर के लिए एक साथ खड़ी हो गई। सिंगर कंवर ग्रेवाल, गिप्पी ग्रेवाल, मनकीरत औलख, कुलविंदर बिल्ला, एक्टर कर्मजीत अनमोल और जस बाजवा समेत कई बड़े कलाकार तुरंत अस्पताल पहुंचे और उनके परिवार को ढांढस बंधाया। अस्पताल के बाहर उनके प्रशंसकों का जमावड़ा लगा हुआ है, जो नम आंखों से अपने पसंदीदा कलाकार के लिए अरदास (प्रार्थना) कर रहे हैं।
सिंगर जस बाजवा ने मीडिया को बताया कि डॉक्टरों का कहना है कि जिस नाजुक हालत में उन्हें लाया गया था, स्थिति अभी वैसी ही है, और खराब नहीं हुई है। उनका ब्लड प्रेशर भी स्थिर है। अगले 24 घंटे बहुत महत्वपूर्ण हैं, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
सोशल मीडिया पर भी राजवीर जवंदा के लिए दुआओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की, वहीं सिंगर इंद्रजीत निक्कू ने एक वीडियो संदेश जारी कर उनके लिए कामना की। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखबीर बादल समेत कई राजनेताओं ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
हालांकि, इस पूरे मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ भी सामने आया है। हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले के एएसपी अशोक ने बताया कि उनके क्षेत्र में इस तरह के किसी भी हादसे की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने जिले के सभी पुलिस थानों और चौकियों से पुष्टि की है, लेकिन कहीं भी राजवीर जवंदा के एक्सीडैंट की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
पुलिस के इस बयान ने हादसे की जगह को लेकर एक संशय पैदा कर दिया है। फिलहाल, राजवीर जवंदा की हालत पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। पूरा पंजाब और दुनिया भर में फैले उनके प्रशंसक उनकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।








