वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलैंस का कड़ा प्रहार, 50 हजार की रिश्वत लेते GST इंस्पैक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार

सरकारी तंत्र से भ्रष्टाचार के दीमक को खत्म करने की मुहिम में विजिलैंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम काे एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ब्यूरो की टीम ने एक व्यापारी से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए एक्साइज विंग के एक जीएसटी इंस्पैंक्टर को रंगे हाथों दबोच लिया है। यह कार्रवाई ऊना जिला में अमल लाई गई।

सूत्रों के मुताबिक ऊना के एक व्यापारी ने 5 से 6 लाख रुपए की गलत रिटर्न फाइल की थी। इस गड़बड़ी का पता चलने पर इंस्पैक्टर ने मामले को निपटाने के लिए व्यापारी से 1.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में यह राशि 1.25 लाख रुपए में तय हुई।

व्यापारी के पास 2 रास्ते थे। पहला, वह रिश्वत देकर आसानी से अपना काम निकलवा सकता था और दूसरा अपने जमीर की आवाज सुनता जाे उसे गलत काम करने से रोक रही थी। आखिरकार, उसने ईमानदारी का रास्ता चुना। हिम्मत जुटाकर वह सीधे विजिलैंस और एंटी करप्शन ब्यूरो के दफ्तर पहुंचा और पूरी कहानी अधिकारियों के सामने बयां कर दी।

शिकायत मिलते ही विजिलैंस की टीम तुरंत हरकत में आ गई। उन्होंने शिकायत की सत्यता की जांच की और फिर इंस्पैक्टर को पकड़ने के लिए एक पुख्ता योजना तैयार की। योजना के तहत व्यापारी को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए लेकर इंस्पैक्टर के पास भेजा गया। विजिलैंस की टीम सादे कपड़ों में आसपास ही मौजूद थी और हर हरकत पर पैनी नजर रखे हुए थी। जैसे ही व्यापारी ने इंस्पेक्टर को पैसे थमाए और इंस्पैक्टर ने वह रकम अपनी जेब में रखी, विजिलैंस की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

विजिलैंस ब्यूरो के अनुसार आरोपी इंस्पैंक्टर का नाम अंशुल धीमान है और वह पालमपुर के पास स्थित डाढ गांव का रहने वाला है। एक सरकारी अधिकारी, जिसे जनता की सेवा के लिए रखा गया था, आज अपनी ही लालच के कारण सलाखों के पीछे पहुंचने की कगार पर है।

इस गिरफ्तारी ने पूरे विभाग में हड़कंप मचा दिया है और यह उन सभी अधिकारियों के लिए एक कड़ा संदेश है जो अपनी कुर्सी का गलत फायदा उठाकर आम आदमी को परेशान करते हैं। वहीं, उस व्यापारी की हिम्मत की भी दाद देनी होगी, जिसने डरने की बजाय लड़ने का फैसला किया और भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में एक अहम भूमिका निभाई। विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विरेंद्र कालिया ने बताया कि टीम आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!