हिमाचल प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को अब ‘व्यास प्योर’ ब्रांड के नाम से एक नई पहचान मिलेगी। प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं में जिला प्रशासन की इस महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ करते हुए ‘व्यास प्योर’ गिफ्ट पैक का विमोचन किया। इस कदम का मुख्य उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों को एक संगठित विपणन मंच प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
बीडीओ कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में धर्माणी ने कहा कि यह गिफ्ट पैक केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। ‘व्यास प्योर’ ब्रांड हमारे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा और महिला समूहों की आय में वृद्धि करेगा। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ डिहाइड्रेटेड फल-सब्जियों जैसे मोरिंगा, पुदीना पाउडर और कच्ची हल्दी की ड्राई स्लाइस जैसे नए उत्पाद विकसित करने का भी सुझाव दिया।
इस अवसर पर डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि त्याैहारी सीजन को देखते हुए इस गिफ्ट पैक को बाजार में उतारा गया है, जिसमें हल्दी, हर्बल चाय, इंस्टेंट खीर और चटनी जैसे उत्पाद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्तापूर्ण ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन गिफ्ट पैक्स को जिले में आने वाले अतिथियों को भेंट किया जाएगा और साथ ही इसे ऑनलाइन बिक्री के लिए ‘हिमइरा’ प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जाएगा। इस कार्यक्रम में एडीसी ओम कांत ठाकुर, एसडीएम गौरव चैधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।








