कांगड़ा जिला के अंतर्गत आती धुपक्यारा पंचायत का जरियाल परिवार आज एक ऐसे अनजाने खौफ के साये में जी रहा है, जिसका जवाब न तो विज्ञान के पास है और न ही किसी तर्क के पास। संसार चंद जरियाल के घर में बीते तीन दिनों से रहस्यमय तरीके से लग रही आग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस खौफनाक मंजर के बीच एकमात्र राहत की बात यह है कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन उनकी आंखों से नींद और दिल से सुकून गायब हो चुका है।
यह खौफनाक सिलसिला रविवार को शुरू हुआ, जब घर में लगे बिजली के एमसीबी अचानक पिघल गए। परिवार ने इसे एक सामान्य शॉर्ट सर्किट समझा, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सबके होश उड़ा दिए। घर के उस स्विच बोर्ड में आग लग गई, जिसमें बिजली का कोई कनैक्शन ही नहीं था। हद तो तब हो गई जब बिना बिजली की तार वाले एक पंखे से भी लपटें उठने लगीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए और किसी अनहोनी की आशंका से बिजली बोर्ड ने तुरंत घर की सप्लाई पूरी तरह काट दी। परिवार और पड़ोसियों ने सोचा कि अब शायद यह सिलसिला थम जाएगा, लेकिन आग का यह अजीब तांडव नहीं थमा। बिजली कटने के बाद आग ने घर के अंदर रखे गद्दों, बिस्तरों और रजाइयों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
डरे-सहमे परिवार ने अपनी जान और बचा-खुचा सामान बचाने के लिए सब कुछ घर से बाहर आंगन में रख दिया, लेकिन यह रहस्यमयी आग मानो उनका पीछा ही नहीं छोड़ रही थी। मंगलवार को बाहर खुले में रखे सामान में भी अपने आप आग लगने लगी, जिसने परिवार की बची-खुची हिम्मत भी तोड़ दी। परिवार पिछले तीन दिनों से एक पल के लिए भी सो नहीं पाया है। हर सदस्य की आंखों में बस एक अनजाना डर और बेबसी है।
मंगलवार रात करीब 10 बजे जयसिंहपुर से अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी वे आग लगने के कारणों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। विद्युत बोर्ड के एसडीओ तुलसी राम के अनुसार हमने तुरंत घर की बिजली काट दी थी। इसके बावजूद आग लग रही है, यह हमारी समझ से परे है। अब कोई विशेषज्ञ टीम ही इस रहस्य से पर्दा उठा सकती है।
प्रभावित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इस घटना की जांच करवाई जाए ताकि वे इस खौफ से बाहर निकल सकें। फिलहाल, पूरा इलाका इस अजीबोगरीब घटना से सकते में है और हर कोई यही प्रार्थना कर रहा है कि जरियाल परिवार को इस मुसीबत से जल्द छुटकारा मिले।








