एक ओर जहां सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत रखकर चांद का इंतजार कर रही थीं, वहीं पालमपुर के फरेड़ गांव की एक सुहागिन का चांद हमेशा के लिए अस्त हो गया। किस्मत का खेल देखिए, जिस पति के सुहाग की रक्षा के लिए पत्नी ने सुबह से अन्न-जल त्यागा हुआ था, उसी पति को एक सड़क हादसे ने उससे हमेशा के लिए छीन लिया।
यह दिल दहला देने वाली घटना मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर एग्रो पैट्रोल पंप के पास घटी। फरेड़ निवासी प्रकाश चंद अपने बेटे कृष्ण के साथ बाइक पर पालमपुर किसी काम से गए थे। घर पर उनकी पत्नी पूजा की तैयारी कर रही थी, इस उम्मीद में कि पति जल्द लौटेंगे और साथ मिलकर व्रत खोला जाएगा। प्रकाश चंद ने भी पत्नी से जल्द लौटने का वायदा किया था।
लेकिन उस परिवार की खुशियों को शायद किसी की नजर लग गई। जब बाप-बेटा काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार निजी बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को जाेरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहा बेटा कृष्ण एक तरफ जा गिरा, जबकि पीछे बैठे पिता प्रकाश चंद सड़क पर गिर गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बस का पिछला पहिया प्रकाश चंद के ऊपर से गुजर गया और उन्होंने अपने बेटे की आंखों के सामने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एक पल में ही सब कुछ बिखर गया। जब घर पर इंतजार कर रही प्रकाश चंद की पत्नी के पास जब यह मनहूस खबर पहुंची, तो मानो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस घर में करवाचौथ की पूजा की थालियां सजनी थीं, वहां अब मातम पसर गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पालमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी और सब इंस्पैक्टर भगवान दास ने बताया कि बस चालक की लापरवाही से यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।








