जिस घर में करवाचौथ की तैयारियों की रौनक थी, वहां अब मातम पसर गया है। जिस पत्नी ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा हुआ था और लाल जौड़े में सज संवर कर तैयार बैठी थी, उसकी दुनिया एक झटके में उजड़ गई। घटना कांगड़ा जिला के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के दरगेला गांव की है। जहां हुए एक सड़क हादसे में सेना के जवान की जान चली गई। हादसे में मारे गए जवान की पहचान 30 वर्षीय सुमित कुमार पुत्र उत्तम चंद के रूप में की गई है।
यह हृदय विदारक घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। जम्मू-कश्मीर में जैक राइफल्स में तैनात सुमित कुमार 4 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। घर आने का मकसद था अपनी पत्नी के साथ करवाचौथ का त्योहार मनाना। महज 3 साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था।
शुक्रवार शाम को सुमित बाइक पर अपने घर की ओर लौट रहे थे, लेकिन किसे पता था कि यह उनका आखिरी सफर होगा। दरगेला स्कूल के पास एक मोड़ पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुमित की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जो परिवार अपने बेटे के आने की खुशियां मना रहा था, अब उसी बेटे के अंतिम संस्कार की तैयारी करने पर मजबूर है। जवान की इस आकस्मिक मृत्यु ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं एसएचओ शाहपुर करतार सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला भेज दिया गया है।








