नशे की गर्त में डूब रही युवा पीढ़ी को बचाने के लिए नूरपुर पुलिस द्वारा छेड़ी गई जंग में एक और बड़ी जीत हासिल हुई है। पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और खुफिया तंत्र के दम पर नशे की एक बड़ी खेप को मंजिल तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया। एक कार में सवार होकर नशे का सामान सप्लाई करने जा रहे 3 नशा साैदागराें को पुलिस ने 6 किलो से ज्यादा चरस के साथ धर दबोचा है। इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पुलिस नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
मामला बीते दिन का है जब नूरपुर पुलिस की एक टीम ने कंडवाल इलाके में नियमित नाकाबंदी कर रखी थी। हर आने-जाने वाले वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान, एक ऑल्टो कार (टैम्परेरी नंबर) वहां से गुजरी। कार में बैठे युवकों के हाव-भाव और घबराहट को देखकर पुलिस को उन पर शक हुआ। पुलिस टीम ने तुरंत कार को जांच के लिए किनारे रुकवाया। जब पुलिस ने कार में सवार युवकों से पूछताछ शुरू की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। शक गहराने पर जब कार की गहन तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। कार के अंदर बड़ी ही चालाकी से 6 किलो 44 ग्राम चरस की खेप छिपाई गई थी, जिसे ये युवक कहीं और सप्लाई करने की फिराक में थे।
पुलिस ने कार में सवार तीनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। युवकाें की पहचान अनु कुमार पुत्र धनी राम निवासी गांव त्ररेला व जिला मंडी, सुरेश कुमार पुत्र सुख राम निवासी गांव द्रोण व जिला मंडी और राम लाल पुत्र कली राम निवासी गांव द्रोण व जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह खेप कहां से लाए थे और इसे कहां पहुंचाने वाले थे। इस बड़ी सफलता पर पुलिस जिला नूरपुर के एसपी अशोक रत्न ने अपनी टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ हमारा जीरो टॉलरैंस अभियान लगातार जारी है। हम किसी भी सूरत में नशे के सौदागरों को युवाओं का भविष्य बर्बाद नहीं करने देंगे।
एसपी ने इस साल की उपलब्धियों के चौंकाने वाले आंकड़े भी सांझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 74 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। 1 किलो 530 ग्राम हैरोइन/चिट्टा और 23 किलो 154 ग्राम चरस जब्त की गई है। 23 किलो 570 ग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) भी बरामद हुई है। नशे के कारोबार से कमाया गया 1 करोड़ 27 लाख रुपए से ज्यादा का कैश पकड़ा गया है। इतना ही नहीं, वित्तीय जांच के बाद नशा तस्करों की 24 करोड़ 68 लाख रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इस अभियान में 112 पुरुषों और 20 महिलाओं सहित कुल 132 लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। एसपी ने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि यह अभियान भविष्य में और भी तेजी से चलेगा और समाज को नशा मुक्त बनाने तक पुलिस चैन से नहीं बैठेगी। हर दोषी को कानून के मुताबिक सख्त से सख्त सजा दिलवाई जाएगी।








