अपनी अढ़ाई साल की बीमार बेटी काे लेकर अस्पताल पहुंची महिला द्वारा अभद्र भाषा का आराेप लगाने वाली वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद अब तीसा अस्पताल में तैनात डॉक्टर कुलभूषण खुद मीडिया के सामने आए हैं और अपना पक्ष रखा है। मीडिया से बात करते हुए डॉक्टर कुलभूषण ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने इसे अपने खिलाफ एक राजनीतिक षड्यंत्र बताया।
डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि उनकी बातचीत सीधे तौर पर बच्ची की मां से हुई ही नहीं थी। वह ड्यूटी पर मौजूद नर्स से बात कर रहे थे और उन्हें मेडिकल प्रोटोकॉल के बारे में निर्देश दे रहे थे। डॉक्टर के अनुसार उन्होंने जो भी कहा वह पूरी तरह से मेडिकल प्रक्रिया का हिस्सा था। हो सकता है कि तनाव और चिंता में डूबी महिला ने उनकी बातों का गलत मतलब निकाल लिया हो।
डॉक्टर ने दावा किया कि उन्होंने नर्स से यह भी कहा था कि अगर मामला गंभीर है तो मैं थोड़ी देर में आकर खुद बच्ची को चैक करता हूं। डॉक्टर का कहना है कि महिला को वहां रुकने और पूरी बात समझने के लिए कहा गया था, लेकिन वह अपनी बच्ची को लेकर बिना कुछ सुने वहां से चली गईं। बाद में उन्होंने एक वीडियो बनाकर आरोप लगा दिए जोकि अधूरे सच पर आधारित हैं।
खैर अब इस बात में कितनी सच्चाई है ये ताे जांच के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल आप डाॅक्टर का बयान सुनिए….








