हिमाचल प्रदेश के जिला साेलने के दून विधानसभा क्षेत्र की साईं पंचायत में एक पूर्व उपप्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध का आरोप उसके ही साले पर लगा है, जिसने आपसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया। मृतक की पहचान सोहन लाल के रूप में हुई है, जो साईं पंचायत का पूर्व उपप्रधान था।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे साईं बस स्टैंड के पास हुई, जब सोहन लाल अपनी कार में जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए आरोपी सुरेश कुमार उर्फ आकू निवासी गांव खाली ने उस पर फायरिंग कर दी। इस दाैरान सोहन लाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल सोहन लाल को बद्दी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया, लेकिन सोहन लाल ने यहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस की शुरू आती जांच में यह बात सामने आई है कि यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा है।
आरोपी सुरेश कुमार जो मृतक सोहन लाल की पत्नी का भाई है, घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। वहीं सूत्राें से मिली जानकारी के अनुसार सोहन लाल और सुरेश कुमार की बहन ने इंटरकास्ट लव मैरिज की थी, जिसकाे लेकर सुरेश कुमार नाराज था और इसी के चलते उसने अपनी ही बहन का सुहाग उजाड़ डाला। फिलहाल यह ताे अभी लाेगाें के बीच ऐसी चर्चा है, लेकिन असली वजह ताे आराेपी के गिरफ्तार हाेने के बाद ही पता चलेगी।
बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आपसी रंजिश के चलते गोली चलाई गई थी, जिसमें पूर्व उपप्रधान की मौत हो गई है।उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपी की तलाश के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी धीमान ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के हवाले किया जाएगा।
देखें वीडियाे….








