वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ ने निहारी बर्फ की चादर से ढके शिंकुला दर्रे की खूबसूरती, जिस्पा में मिले ताेहफे ने कर दिया भावुक

बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ सनी देओल इन दिनों अपनी फिल्मों की भागदौड़ से दूर हिमाचल की वादियों में सुकून के पल बिता रहे हैं। मनाली उनका दूसरा घर बन चुका है और यहां के लोगों से उनका जुड़ाव किसी से छिपा नहीं है। इसी जुड़ाव का एक दिल छू लेने वाला नजारा शनिवार काे लाहौल घाटी में देखने को मिला, जब सनी देओल के एक फैन ने उन्हें प्यार का ऐसा तोहफा दिया, जिसकी कीमत किसी भी दौलत से कहीं ज्यादा है।

शनिवार को सनी देओल अपनी गाड़ी से बर्फीले पहाड़ों का दीदार करने लाहौल के मशहूर पर्यटन स्थल शिंकुला दर्रा पहुंचे। चारों तरफ बर्फ की सफेद चादर से ढके इस दर्रे की खूबसूरती में वह खो गए। उन्होंने यहां बर्फ के बीच खूब मस्ती की और इन यादगार लम्हों को अपने कैमरे में कैद किया।

वापसी में उनका काफिला लाहौल के खूबसूरत गांव जिस्पा में रुका। यहां उन्होंने स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया। सनी देओल को लाहौल के आलू का स्वाद बेहद पसंद है। जिस्पा में उन्हाेंने सड़क किनारे आलू बेच रही एक स्थानीय महिला देचेन पलजिन से 10 किलो आलू खरीदने की इच्छा जताई। देचेन अपने पसंदीदा अभिनेता को सामने देखकर हैरान रह गईं। उन्होंने खुशी-खुशी सनी देओल को 10 किलो आलू दिए। जब सनी देओल ने पैसे देने चाहे तो देचेन ने हाथ जोड़कर पैसे लेने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आप हमारे मेहमान हैं, आपसे पैसे कैसे ले सकते हैं? यह हमारी तरफ से आपके लिए छोटा सा तोहफा और प्यार है।

इस सादगी भरे प्यार को देखकर सनी देओल भी भावुक हो गए। उन्होंने महिला का धन्यवाद किया और उनसे उनके रहन-सहन, परिवार और खान-पान के बारे में बातचीत की। बता दें कि सनी देओल जून में अपनी आने वाली फिल्म ‘बॉर्डर-2’ के पहले शैड्यूल को पूरा करने के बाद मनाली आए थे। वह मनाली के दशाल गांव में एक किराए के घर में रह रहे हैं और अक्सर यहां की शांत वादियों में समय बिताने चले आते हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!