वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: जाे लग रहा था किसी मुसाफिर का छूटा हुआ सामान, उसके अंदर से निकला ‘मौत का सामान’

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सड़क किनारे पड़े एक लावारिस बैग ने लोगों को हाेश फाख्ता कर दिए। जो बैग पहली नजर में किसी मुसाफिर का छूटा हुआ सामान लग रहा था, उसके अंदर से ‘मौत का सामान’ यानी एक देसी कट्टा बरामद हुआ है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस महकमा पूरी तरह से हरकत में आ गया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार काे ऊना जिले के देहलां गांव में नैशनल हाइवे पर रोज की तरह ही चहल-पहल थी। तभी एक स्थानीय दुकानदार की नजर सड़क किनारे पड़े एक लावारिस बैग पर पड़ी। काफी देर तक जब उस बैग को लेने कोई नहीं आया तो दुकानदार के मन में अनहोनी की आशंका घर करने लगी। उसे लगा कि कहीं इस बैग में कोई संदिग्ध या विस्फोटक चीज न हो। अपनी नागरिक जिम्मेदारी निभाते हुए उसने एक पल की भी देरी नहीं की और फौरन मैहतपुर पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही मैहतपुर पुलिस थाने के एसएचओ अंकुश डोगरा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले इलाके को सुरक्षित किया और फिर पूरी सावधानी के साथ बैग की तलाशी ली। जैसे ही बैग को खोला गया, वहां मौजूद लोगों और पुलिस टीम की आंखें फटी की फटी रह गईं। बैग के अंदर कपड़ों के नीचे एक देसी कट्टा छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने तुरंत देसी कट्टे और बैग को अपने कब्जे में ले लिया और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक गंभीर मामला है और इसकी उच्च स्तरीय गहराई से जांच की जा रही है। एसएचओ अंकुश डोगरा ने जानकारी दी कि बरामद हथियार को फौरन फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह पता चल सके कि इसका इस्तेमाल पहले कभी हुआ है या नहीं।

अब पुलिस के सामने ये तीन बड़े सवाल हैं कि आखिर यह हथियार किसका है? इसे यहां किसने, कब और क्यों फैंका? क्या कोई अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था? इन सवालों के जवाब ढूंढने के लिए पुलिस की टीमें आरोपी की पहचान करने में जुट गई हैं। बैग छोड़ने वाले का पता लगाने के लिए आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है और गवाहों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखा हो, तो बिना डरे पुलिस को सूचित करें। एसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!