बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल की कुल्ज्यार पंचायत के जड्डू गांव में युवा क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल समापन हो गया। टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में कुल्ज्यार किंग ने कंगारू स्ट्राइकर को हराकर शानदार जीत दर्ज की और ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह में क्षेत्र की जानी-मानी हस्ती और समाजसेवी रत्न देव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
टूर्नामेंट का फाइनल मैच कुल्ज्यार किंग और कंगारू स्ट्राइकर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कंगारू स्ट्राइकर की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 80 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुल्ज्यार किंग की टीम ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 7 ओवर में ही 81 रन बनाकर विजय हासिल कर ली। इस जीत के साथ कुल्ज्यार किंग टूर्नामेंट की विजेता बनी, जबकि कंगारू स्ट्राइकर टीम उपविजेता रही।
इससे पूर्व समापन कार्यक्रम में पहुंचने पर युवा क्लब कमेटी के सदस्यों कैप्टन सोहन, जगदीश, करतार, तिलक शर्मा, अखिल और मनोज ने मुख्यातिथि रत्न देव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रत्न देव ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमारे समाज का एक अहम हिस्सा हैं, जो हमारे शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास के लिए भी जरूरी हैं। खेल हमें अनुशासन सिखाते हैं और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं, इसलिए युवाओं को इससे हमेशा जुड़े रहना चाहिए।
आपको बता दें कि रत्न देव झंडूता क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित समाजसेवी हैं, जो कार्यकारी अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हैं। गेहड़वीं के हीरापुर निवासी रत्न देव अपनी सादगी और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व के लिए जाने जाते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद से वे लगातार लोक कल्याण के कार्यों में जुटे हैं और उनका जीवन युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने विजेता टीम कुल्ज्यार किंग को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया, जबकि उपविजेता टीम कंगारू स्ट्राइकर को भी पुरस्कृत किया गया।
यहां देखिए वीडियो…








