हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी में हुए एक दर्दनाक कार हादसे ने 2 युवकों की जान ले ली, जिससे उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। 38 वर्षीय तेजा सिंह और 25 वर्षीय राजकुमार के सपने सड़क पर ही दफन हो गए और वे अपने पीछे रोते-बिलखते परिवार छोड़ गए।
जानकारी के अनुसार मांतला गांव के रहने वाले तेजा सिंह और करथा निवासी राजकुमार अपनी कार में सवार होकर रेला गांव की ओर जा रहे थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर साबित होगा। जब उनकी कार रेला गांव के पास पहुंची ताे अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जब स्थानीय लोगों ने दुर्घटना का पता चला ताे वे तुरंत मदद के लिए माैके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसके बाद उन्हाेंने हादसे की सूचना सैंज पुलिस काे दी, जिसके टीम मौके पर पहुंची। एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन इस जांच से उन परिवारों का दर्द कम नहीं होगा जिन्होंने अपने प्रियजनों को हमेशा के लिए खो दिया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव उनके गमगीन परिवारों को सौंप दिए जाएंगे।








