सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और फॉलोअर्स पाने का जुनून एक 22 साल के होनहार छात्र को मौत की नींद सुला गया। मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र के नगचला का रहने वाला अनिकेत जो अभी बी.टैक. की पढ़ाई कर रहा था, अब बस तस्वीरों और दोस्तों की यादों में रह गया है।
शनिवार देर रात करीब 1 बजे जब पूरा शहर सो रहा था…तब अनिकेत अपने दोस्तों के साथ कीरतपुर-मनाली फोरलेन की मलोरी टनल के पास अपनी बाइक पर जिंदगी का सबसे खतरनाक स्टंट कर रहा था। कैमरा ऑन था, दोस्त रील शूट कर रहे थे और हर कोई एक परफैक्ट शॉट का इंतजार कर रहा था। लेकिन किसे पता था कि जो पल रील के लिए रिकॉर्ड हो रहा है, वो अनिकेत की जिंदगी का आखिरी पल बन जाएगा।
तेज रफ्तार बाइक पर स्टंट करते हुए अचानक अनिकेत का संतुलन बिगड़ा और बाइक सड़क पर घिसटती चली गई। दोस्तों की आंखों के सामने उनका दोस्त लहूलुहान होकर गिर पड़ा। जो कैमरा कुछ देर पहले उसकी बहादुरी कैद कर रहा था, उसी में उसकी मौत कैद हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम फौरन मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अनिकेत को मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक पिता ने अपना 22 साल का बेटा खो दिया…एक मां का आंचल सूना हो गया।
एएसपी मंडी सागर चंद्र शर्मा ने बताया कि यह मामला सिर्फ एक हादसे का नहीं, बल्कि लापरवाही का भी है। पुलिस ने रील शूट कर रहे दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उस मोबाइल व कैमरे को जब्त कर लिया है, जिसमें यह पूरी घटना कैद हुई। अनिकेत की मौत उन सभी युवाओं के लिए एक दर्दनाक सबक है, जो सोशल मीडिया की वर्चुअल दुनिया में पहचान बनाने के लिए अपनी असल जिंदगी दांव पर लगा देते हैं।








