वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कांगड़ा: विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान, पीछे छाेड़ गई 3 साल का मासूम, पति समेत सास और जेठ-जेठानी गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के शाहपुर उपमंडल से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शाहपुर के पास नौशहरा (रैत) गांव में 25 वर्षीय सविता नामक एक विवाहिता ने कथित तौर पर ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार सविता ने अपने घर के कमरे में दरवाजा बंद कर रस्सी से फंदा लगा लिया। परिवार वालों ने जब दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा तो उसकी सांसें चल रही थीं। इस पर उसे तुरंत उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि सविता का विवाह लगभग 4-5 साल पहले हुआ था और उसका एक मासूम 3 साल का बेटा भी है।

मायका पक्ष ने ससुराल वालाें पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

सविता का मायका शाहपुर के पास सद्दू गांव में है। मायका पक्ष ने गहरे दुख और आक्रोश के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही सविता को उसके ससुराल वाले लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके कारण मजबूर होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस ने धारा 108 के तहत दर्ज किया मामला

एसपी अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। शाहपुर थाना में मृतका के पति जीवन कुमार, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी करतार सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं महिला के शव काे कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया है, जहां आज उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!