वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कांगड़ा: 1500 किलीमीटर दूर जिंदा बैठी थी पत्नी, इधर शख्स ने लाश ढूंढने के लिए रातभर जंगल में नचा दी पुलिस

कहते हैं नशा सिर चढ़कर बोलता है, लेकिन बीती रात हिमाचल के नगरोटा बगवां में नशा सिर्फ बोला नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन को पूरी रात जंगलों में टॉर्च लेकर दौड़ाता रहा। शराब के सुरूर में एक शख्स ने 100 नंबर पर ऐसी ‘क्राइम थ्रिलर’ कहानी सुनाई कि पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई, लेकिन सुबह होते-होते यह सस्पैंस ‘खोदा पहाड़ और निकली चुहिया’ साबित हुआ।

नशे में लिखी ‘मर्डर मिस्ट्री’ की खौफनाक स्क्रिप्ट
मलां के पास क्वार्टर में रहने वाले झारखंड निवासी दीपक कुमार (पेशे से मिस्त्री) ने शुक्रवार रात को शराब पी और अपने भीतर के ‘विलेन’ को जगा लिया। उसने सीधे पुलिस कंट्रोल रूम को फोन मिलाया और भारी आवाज में कहा कि मैंने अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया है। उसके शव के टुकड़े सूटकेस में भरकर जंगल में फैंक दिए हैं और मैं पठानकोट भाग गया हूं…मुझे पकड़ सकते हैं ताे पकड़ लाे।

पुलिस के फूले हाथ-पांव, जंगलों में चलाया सर्च ऑप्रेशन
इतनी जघन्य वारदात की खबर मिलते ही पुलिस की नींद उड़ गई। डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा और एसएचओ नवनीत सैनी के नेतृत्व में आनन-फानन में टीमें बनाई गईं। पूरी रात पुलिस वाले उस काल्पनिक सूटकेस को ढूंढने के लिए जंगलों और झाड़ियों की खाक छानते रहे, लेकिन हाथ कुछ नही लगा।

चैलेंज था पठानकोट का, जनाब मिले बिस्तर पर
जब जंगल में कुछ नहीं मिला तो पुलिस ने टैक्नोलॉजी का सहारा लिया। लोकेशन ट्रेस की गई तो पठानकोट से चुनौती देने वाला यह शख्स अपने ही क्वार्टर में आराम फरमाता मिला। पुलिस ने उसे वहीं से दबोच लिया।

नशा उतरा तो बोला- साहब! झूठ बोला था
थाने ले जाकर जब पुलिस ने पूछताछ की और नशा उतरा तो आरोपी की सारी हेकड़ी हवा हो गई। उसने कबूला कि शराब के नशे में उसने बस यूं ही पुलिस के मजे लेने के लिए झूठ बोला था। पुलिस ने तसल्ली के लिए तुरंत 1500 किलाेमीटर दूर झारखंड में उसकी पत्नी को फोन लगाया। पता चला कि पत्नी जिंदा है और अपने मायके में पूरी तरह सुरक्षित है।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
जिस मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस पूरी रात परेशान रही, वह सिर्फ एक शराबी का ड्रामा निकला। खैर अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर उसका नशा हमेशा के लिए उतारने की तैयारी कर ली है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!