मंडी जिला के सुंदरनगर के चमुखा में फोरलेन पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर आपकी सांसें थम जाएंगी और लोगों की बेवकूफी पर हंसी भी आएगी। जानकारी के अनुसार 11,000 लीटर पैट्रोल से भरा एक टैंकर सड़क से फिसलकर खाई की तरफ कुछ इस तरह लटका, मानो किसी हॉलीवुड फिल्म का स्टंट सीन चल रहा हो।
मंडी जा रहे इस टैंकर में अचानक खराबी आई। चालक ने समझदारी दिखाते हुए एक मकान के पास गाड़ी रोकी और हैंडब्रेक लगाकर नीचे उतरा, लेकिन 19 टन का भारी-भरकम टैंकर हैंडब्रेक को धता बताते हुए पीछे खिसका और सड़क किनारे हवा में झूल गया।
इसके बाद जो हुआ, वह हैरान करने वाला था। टैंकर से पैट्रोल का रिसाव शुरू हुआ। कायदे से यहां एक चिंगारी से भयानक विस्फोट हो सकता था, लेकिन लोगों को मौत से ज्यादा मुफ्त के पैट्रोल की फिक्र थी। जिसे जो मिला (बाल्टी, कैन, डिब्बा) लेकर खाई में कूद पड़ा और अपनी जान जोखिम में डालकर बहते हुए पैट्रोल को भरने लगा। मानो वहां पैट्रोल नहीं, अमृत बंट रहा हो।
गनीमत रही कि समय रहते डीएसपी भारत भूषण और तहसीलदार अंकित शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की गाड़ी देखते ही पैट्रोल भरने पहुंचे लाेगाें में भगदड़ मच गई और पल भर में भीड़ गायब हो गई।
वहीं पुलिस ने भी स्थिति काे देखते हुए फोरलेन की एक लेन सील कर दी और किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए बीएसएल फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां तैनात कर दीं। बताया जा रहा है कि इस घटना में लाखों रुपए का पैट्रोल बह चुका है। देर शाम तक प्रशासन इस लटकते हुए टैंकर को सीधा करने की जुगत में लगा रहा, लेकिन इसके भारी वजन ने रैस्क्यू टीम के पसीने छुड़ा दिए हैं।








