वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: 3 मार्च से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं, रिजल्ट की डेट भी तय

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 10वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं का बिगुल बजा दिया है। बोर्ड ने छात्रों के इंतजार को खत्म करते हुए न केवल परीक्षा की तिथियां घोषित की हैं, बल्कि परिणाम की तारीख भी पहले ही तय कर दी है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने परीक्षा और मूल्यांकन का पूरा शैड्यूल जारी करते हुए बताया कि नियमित और राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) के छात्रों की लिखित परीक्षाएं 3 मार्च 2026 से शुरू होंगी।

बोर्ड द्वारा जारी शैड्यूल के अनुसार, दोनों कक्षाओं की लिखित परीक्षाएं 3 मार्च 2026 से शुरू होंगी। 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 28 मार्च 2026 तक चलेंगी, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 1 अप्रैल 2026 तक जारी रहेंगी। सभी परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र में आयोजित की जाएंगी, जिसका समय सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। लिखित परीक्षाओं से पहले छात्रों के प्रैक्टिकल एग्जाम (प्रायोगिक परीक्षाएं) संपन्न करवा लिए जाएंगे। बोर्ड ने इसके लिए 20 फरवरी से 28 फरवरी तक का समय निर्धारित किया है।

परीक्षा प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने मूल्यांकन का भी पूरा कार्यक्रम तय कर दिया है। उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रह की तिथि 12 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि उनकी प्राप्ति और खोलने का कार्य 17 मार्च को होगा। मूल्यांकन हेतु तैयारी 21 मार्च से शुरू होगी। स्पॉट मूल्यांकन का आरंभ 2 अप्रैल को होगा और यह 22 अप्रैल को समाप्त होगा। इसके बाद परिणाम प्रसंस्करण 23 अप्रैल को होगा और अंतिम परिणाम 30 अप्रैल 2026 को घोषित किए जाएंगे। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष होगी, ताकि छात्रों को समय पर सही परिणाम मिल सकें और वे अपने आगे के भविष्य की योजना बिना किसी रुकावट के बना सकें।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!