वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

शर्मनाक: ऊना में ‘कलियुगी मां’ का पाप आया सामने, इस हालत में मिला नवजात…देखने वालाें के उड़े हाेश

जिस मां के आंचल को दुनिया में सबसे सुरक्षित पनाह माना जाता है, ऊना जिले में उसी ममता के दामन पर बदनुमा दाग लग गया। जिला मुख्यालय के अरनियाला रोड पर रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में एक नवजात का शव मिलने से हर आंख नम और हर दिल सन्न रह गया। किसी निष्ठुर ने अपने ही खून, एक नन्ही जान को दुनिया देखने से पहले ही झाड़ियों में फैंक दिया, जहां वह हमेशा के लिए खामोश हो गया।

कुदरत का खेल देखिए कि इस पाप का पता स्थानीय लोगों को नहीं, बल्कि रोजी-रोटी के सिलसिले में यहां आए परदेसियों को चला। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार और बदायूं के सुरजीत अपनी गाड़ी ठीक करवाने पास के गैराज में आए थे। रेलवे लाइन की तरफ जाते वक्त उनकी नजर झाड़ियों में पड़ी एक संदिग्ध गठरी पर पड़ी। जब वे सहमते हुए करीब गए तो वहां का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कपड़ों में लिपटा वह कोई सामान नहीं बल्कि एक नवजात शिशु था, जिसकी सांसें थम चुकी थीं।

अरुण और सुरजीत ने बिना देर किए इंसानियत का फर्ज निभाया और शोर मचाकर लोगों और पुलिस को इकट्ठा किया। विजिलैंस और सदर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने बड़े ही भारी मन से उस नन्हे फरिश्ते के शव को अपने कब्जे में लिया और उसे अंतिम सम्मान और न्याय दिलाने के लिए 108 एंबुलैंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने इस हृदयविदारक घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस मामले को सिर्फ एक केस डायरी तक सीमित नहीं रखेगी। उस ‘पत्थर दिल’ मां या अभिभावकों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आसपास की झुग्गियों और प्रवासी श्रमिकों से पूछताछ की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से हाल ही में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड तलब किया गया है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर वह कौन था जिसने अपनी ममता का गला घोंट दिया।

यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि हमारे समाज के मुंह पर तमाचा है। आखिर वह कौन-सी मजबूरी थी जिसने एक मां को इतना क्रूर बना दिया? पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है, लेकिन झाड़ियों में पड़ा वह नन्हा शव समाज से एक ही सवाल पूछ रहा है कि “मेरा क्या कसूर था?”

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!