वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

अफ्रीकी ससुराल में हिमाचल की बेटी का भव्य स्वागत, सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियाे, मां की याद में छलक आईं आंखें

तमाम आलोचनाओं और दुनिया की परवाह किए बिना हिमाचल की बेटी और वर्ल्ड रिकाॅर्डधारी अंजली शर्मा अब अपने ससुराल यानी अफ्रीका पहुंच चुकी हैं, जहां एक नई दुनिया बांहें फैलाकर उनका स्वागत कर रही है। जैसे ही अंजली अपने पति यवेस काजियुका के साथ अफ्रीका (रवांडा) पहुंचीं, वहां का नजारा देखने लायक था। ससुराल वालों ने अपनी पारंपरिक शैली में नई बहू का जोरदार स्वागत किया। अफ्रीकी लोक गीतों के बीच अंजली के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी। इस नए कल्चर को अपनाते हुए अंजली ने खुशी जाहिर की। शादी के जश्न का वीडियो सांझा करते हुए उन्होंने लिखा कि आज मैंने रवांडा में शादी के पारंपरिक नाच का आनंद लिया… मुझे यह बेहद पसंद आया (I Love It)।” यह पल गवाह था कि दो संस्कृतियां जब मिलती हैं, तो नफरत की दीवारें अपने आप गिर जाती हैं।

एक बेटी के लिए अपना घर छोड़कर किसी और देश में बसना आसान नहीं होता। अफ्रीका में मिल रहे प्यार के बीच अंजली का दिल अपनी मां के लिए पसीज गया। हजारों मील की दूरी ने उन्हें यह एहसास दिलाया कि मां का साया क्या होता है। भावुक होते हुए अंजली ने सोशल मीडिया पर मां के नाम एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा है। उन्होंने कहा कि “सिर्फ एक मां ही अपने बच्चों के भविष्य के बारे में निस्वार्थ सोच सकती है, क्योंकि उसने हमें जन्म दिया है। मिस यू मां… मैं तुम्हें बहुत याद कर रही हूं।” अंजली के इन शब्दों ने सोशल मीडिया पर कई लोगों की आंखें नम कर दीं। यह सिर्फ अंजली का दर्द नहीं, बल्कि हर उस बेटी का जज्बात है जो शादी के बाद अपना आंगन छोड़ती है।

बता दें कि अंजली और यवेस की शादी आसान नहीं थी। जब यह जोड़ा एक हुआ तो सोशल मीडिया पर कुछ संकीर्ण मानसिकता वाले लोगों ने भद्दे कमेंट्स किए, लेकिन अंजली ने बड़ी शालीनता और मजबूती के साथ उनका सामना किया। उन्होंने ट्रोल्स से सीधा सवाल किया कि “आप लोग इतने गलत कैसे हो सकते हैं? मैं भी तो आपकी बहन-बेटी जैसी ही हूं। कृपया यह सब बंद करें।” अंजली का यह जवाब उन सभी के लिए एक सबक है जो प्यार के बीच रंग और नस्ल की दीवार खड़ी करते हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!