हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। जिले के कुमारसैन उपमंडल के किंगल क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में 18 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के दाैरान ट्रैवलर नेपाल बॉर्डर से हिमाचल प्रदेश आ रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रैवलर गाड़ी (HP01AA-7737) कुमारसैन के किंगल क्षेत्र के पास पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलैंस और निजी वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
9 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन में चल रहा है। वहीं 9 अन्य घायलों को बेहतर उपचार के लिए एमजीएमएससी खनेरी रैफर किया गया है। इनमें ड्राइवर बालकृष्ण और नेपाल के विभिन्न जिलों से आए श्रमिक शामिल हैं जाेकि मुख्य रूप से शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिलों में कार्यरत थे। चिकित्सकों की विशेष टीम सभी की निगरानी कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी 18 घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
दुर्घटना के संबंध में पुलिस थाना कुमारसैन में हरी बहादुर (27) निवासी नेपाल ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रैवलर के ड्राइवर बालकृष्ण निवासी नेपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 और 125(ए) के तहत लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तकनीकी और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें, गति सीमा का ध्यान रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।








