वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: फोरलेन निर्माण को कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया ‘विनाश का रोडमैप’, भाजपा सांसदों पर साधा निशाना

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शिमला से जारी एक बयान में उन्होंने इन परियोजनाओं को ‘विकास नहीं, बल्कि विनाश का रोडमैप’ करार दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जनता की सुरक्षा और परेशानियों को नजरअंदाज किया गया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।

अवैज्ञानिक कटिंग और घटिया निर्माण से बढ़ा खतरा

विनय कुमार ने कहा कि फोरलेन निर्माण में व्यापक स्तर पर खामियां उजागर हो रही हैं। अवैज्ञानिक तरीके से की गई पहाड़ों की कटिंग, घटिया ड्रेनेज सिस्टम और कमजोर रिटेनिंग वॉल्स के कारण जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रहे हैं। इस लापरवाही के चलते न केवल सड़क से सटे भवन, बल्कि पूरे के पूरे गांवों और क्षेत्रों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।

चंडीगढ़-शिमला फोरलेन बना जानलेवा

प्रदेश अध्यक्ष ने चंडीगढ़-शिमला फोरलेन की दुर्दशा का जिक्र करते हुए कहा कि यह मार्ग आए दिन लैंडस्लाइड के कारण बाधित रहता है। इससे आम जनता, पर्यटक, मरीज और आपातकालीन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने इसे महज अव्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों की जान से खिलवाड़ बताया। उन्होंने यह भी जोड़ा कि केवल शिमला ही नहीं, बल्कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन में भी इसी तरह की लापरवाही और त्रुटियां साफ दिखाई दे रही हैं।

प्रियंका गांधी ने संसद में उठाई हिमाचल की आवाज

विनय कुमार ने अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने लोकसभा में चंडीगढ़-शिमला फोरलेन की बदहाल स्थिति और निर्माण में हो रही घोर कोताही को पूरी ताकत से उठाया है। प्रियंका गांधी ने प्रदेश हित में खामियों को बेनकाब करते हुए इन गंभीर मुद्दों के त्वरित समाधान की मांग की है, जिसके लिए प्रदेश कांग्रेस उनकी आभारी है।

भाजपा सांसदों काे प्रदेश से कोई सरोकार नहीं, मूकदर्शक बने

विनय कुमार ने हिमाचल से चुनकर गए भाजपा सांसदों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसदों को प्रदेश की सुरक्षा, सुविधा और भविष्य से कोई सरोकार नहीं है। वे पूरी तरह मूकदर्शक बने हुए हैं और उनकी यह चुप्पी उनकी असंवेदनशीलता को उजागर करती है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की अपील

कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया है कि हिमाचल में चल रहे फोरलेन निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने मांग की है कि रिटेनिंग वॉल और ड्रेनेज सिस्टम को वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि बार-बार होने वाले भूस्खलन और जानमाल के संभावित नुकसान को रोका जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!