वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: IGMC मारपीट मामले में सस्पैंड डॉक्टर का वीडियो आया सामने, बताया-मरीज के साथ क्याें हुई थी लड़ाई

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी में डॉक्टर और मरीज के बीच हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद सस्पेंड किए गए रैजीडैंट डॉक्टर राघव नरुला ने अब एक वीडियो जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है। डॉक्टर ने दावा किया है कि वायरल वीडियो में पूरी सच्चाई नहीं है और घटना की शुरूआत मरीज की तरफ से बदसलूकी और हमले से हुई थी।

इतना पूछते ही बदल गया मरीज का व्यवहार

जारी वीडियो में अपना पक्ष रखते हुए डॉ. राघव ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 12 बजे वह राऊंड पर थे। वहां बैड पर लेटे अर्जुन नाम के मरीज को देखकर उन्हें लगा कि वह पहले भी आ चुका है। पुरानी हिस्ट्री जानने के मकसद से उन्होंने सामान्य लहजे में पूछा कि भाई, तू पहले भी आया है? डॉक्टर का आरोप है कि इतना पूछते ही मरीज का व्यवहार बदल गया। उसने हंगामा शुरू कर दिया और कहा कि तू मुझे जानता नहीं है, तू मुझसे ऐसे कैसे बात कर रहा है।

हम डॉक्टर हैं, लेकिन इंसान भी हैं

डॉक्टर राघव ने वीडियो में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मरीज बहस के दौरान निजी हमलों पर उतर आया। मरीज ने उनसे कहा कि तू अपने घर वालाें से भी ऐसे ही बात करता है क्या और मेरे मां-बाप तक पहुंच गया। राघव नरुला ने कहा कि हम डॉक्टर हैं, लेकिन इंसान भी हैं। अपने माता-पिता के लिए ऐसी बातें कोई नहीं सुन सकता। डॉक्टर का दावा है कि बात सिर्फ जुबानी जंग तक नहीं रही। आरोप है कि मरीज ने पास रखे आईवी स्टैंड से उन पर हमला कर दिया और लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।

8 साल की सर्विस में पहली बार हुआ ऐसा

भावुक होते हुए डॉ. राघव ने कहा कि वह पिछले 8 वर्षाें से आईजीएमसी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज तक उनके साथ किसी मरीज ने ऐसा व्यवहार नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो जारी करना इसलिए जरूरी था ताकि जनता को सिक्के का दूसरा पहलू भी पता चले।

क्या है पूरा विवाद

गौरतलब है कि 22 दिसम्बर को एंडोस्कोपी के लिए अस्पताल आए चौपाल के कुपवी निवासी अर्जुन पंवार और डॉ. राघव के बीच विवाद हुआ था जाेकि मारपीट में बदल गया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और हंगामा बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टर राघव को सस्पैंड कर दिया है और एक जांच कमेटी गठित की है। फिलहाल, रैजीडैंट डॉक्टर वैल्फेयर एसोसिएशन डॉक्टर राघव के समर्थन में आ गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। अब देखना होगा कि जांच कमेटी की रिपोर्ट में क्या निकलकर सामने आता है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!