वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: शिमला और बिलासपुर में नशा माफिया पर पुलिस का शिकंजा, लाखाें रुपए के चिट्टे सहित 7 तस्कर गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस ने अपनी मुहिम और तेज कर दी है। राजधानी शिमला से लेकर बिलासपुर तक खाकी की मुस्तैदी ने नशा तस्करों के नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया है। पिछले 24 घंटों में पुलिस ने दो जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए न केवल भारी मात्रा में चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है, बल्कि 7 नशा सौदागरों को भी सलाखों के पीछे धकेल दिया है। पकड़े गए नशे की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लाखाें रुपए बताई जा रही है।

शिमला पुलिस का ‘मिशन क्लीन-भरोसा’ नशा तस्करों के लिए काल साबित हो रहा है। यहां पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर तीन तस्करों को दबोचा। पहली कार्रवाई शहर के बीचों-बीच कृष्णानगर में हुई। स्पैशल सैल को खबर मिली थी कि यहां एक रिहायशी सैट में नशे का काला कारोबार चल रहा है। खबर पक्की थी, इसलिए टीम ने बिना वक्त गंवाए रेड की और वहां मौजूद अंकुश उर्फ सुदामा और प्रवीण चौहान को 6.360 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है कि आखिर शहर के दिल में यह जहर कहां से लाया जा रहा था।

वहीं दूसरी कार्रवाई ठियोग में हुई, जहां एएसआई अश्वनी और रंजन सिंह की टीम ने जनोटी गांव में दबिश दी। यहां पुलिस ने सुनील उर्फ सोनू के घर से 17.560 ग्राम चिट्टा बरामद किया। एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि एक लंबी जंग का हिस्सा है। पिछले तीन सालों में शिमला पुलिस ने 1000 से ज्यादा मामले दर्ज कर 2000 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा है, ताकि युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके।

उधर, बिलासपुर में भी पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान चौकसी की मिसाल पेश की है। यहां पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें स्थानीय युवाओं के साथ-साथ बाहरी राज्यों के तस्कर भी शामिल हैं। शहर में बस अड्डा और पशु अस्पताल के बीच नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पंजाब नंबर की एक कार को रोका। तलाशी लेने पर कार में सवार मोहाली और हरियाणा के दो युवकों के पास से 23.2 ग्राम चिट्टा मिला। यह गिरफ्तारी इशारा करती है कि कैसे पड़ोसी राज्यों से हिमाचल में नशा सप्लाई करने की कोशिशें हो रही हैं।

दूसरे मामले में मंडी-भराड़ी फोरलेन पर पुलिस ने एक स्कूटी सवार दो स्थानीय युवकों को 2.4 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब नशे की इस पूरी चेन को खंगालने में जुटी है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!