वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

सिरमाैर: तीखे मोड़ पर पिकअप से टकराकर बाइक समेत खड्ड में गिरा युवक, बुझ गया घर का चिराग

हिमचाल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उपतहसील रोनहाट में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। यहां एक बाइक और पिकअप जीप की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक चालक की जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क से उछलकर सीधे गहरी खड्ड में जा गिरी।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान नवीन कुमार (30) पुत्र आत्माराम, निवासी गांव कुमली, डाकघर शरली मानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नवीन शनिवार शाम शिलाई से अपने घर की ओर बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान रोनहाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित एक तीखे मोड़ पर हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही पिकअप जीप से टकराने के बाद खड्ड में गिर गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को खड्ड से बाहर निकाला और शिलाई अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की आकस्मिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!