पूरे हिमाचल को झकझोर देने वाले धर्मशाला काॅलेज की छात्रा पल्लवी की मौत मामले में संगीन आरोपों का सामना कर रहे असिस्टेंट प्रोफेसर अशोक कुमार ने अपनी चुप्पी ताेड़ते हुए पहली बार मीडिया के सामने आकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एक पिता होने के नाते वह समझ सकते हैं कि बेटी खोने का दर्द क्या होता है क्योंकि उनकी खुद की दो बेटियां हैं।
प्रोफेसर अशोक ने कहा कि वे बस निष्पक्ष जांच चाहते हैं। उनका मानना है कि जब तक सच सामने नहीं आता, न तो दिवंगत पल्लवी की आत्मा को शांति मिलेगी और न ही उन्हें न्याय। उन्होंने कहा कि वे हर तरह की सजा के लिए तैयार हैं, बशर्ते आरोप सच साबित हों। प्रोफेसर ने कहा कि छात्रा ने उन पर ऐसे आराेप क्याें लगाए, ये सब कैसे हुआ…ये उनकी समझ से परे हैं।
फिलहाल, अशोक कुमार ने जांच प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग की बात कही है। उन्होंने जांच की पारदर्शिता के लिए अपने निलंबन को स्वीकार कर लिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वास्तव में पल्लवी को न्याय मिल पाएगा?








