नए साल की शुरूआत के साथ ही बिलासपुर और आसपास के आईटीआई (ITI) पास युवाओं के लिए रोजगार की एक बड़ी खबर सामने आई है। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड बिलासपुर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में दस्तक देने जा रही है। कंपनी द्वारा 12 जनवरी को एक विशेष कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने का मौका मिलेगा।
200 युवाओं को मिलेगा गुजरात प्लांट में काम करने का मौका
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बिलासपुर के प्रधानाचार्य इंजीनियर ओंकार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मारुति सुजुकी अपने गुजरात प्लांट के लिए मैनपावर की तलाश कर रही है। इस ड्राइव के तहत कुल 200 कुशल युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को तत्काल प्रभाव से 12 महीने की अवधि के लिए नियुक्ति दी जाएगी।
योग्यता व शर्तें
आयु सीमा: अभ्यर्थी की उम्र 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता: 10वीं कक्षा में न्यूनतम 40% और आईटीआई में कम से कम 50% अंक होना अनिवार्य है।
पासिंग ईयर: केवल वर्ष 2020 से 2025 के बीच आईटीआई पास करने वाले युवा ही पात्र होंगे।
इन ट्रेड्स के लिए खुले हैं दरवाजे
मारुति सुजुकी ने लगभग सभी प्रमुख टेक्निकल ट्रेड्स के अभ्यर्थियों को मौका दिया है। इनमें फिटर, डीजल मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल (MMV), टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, वायरमैन, इलेक्ट्रिशियन, वैल्डर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑप्रेटर, ऑटोमोबाइल, ट्रैक्टर मैकेनिक, पेंटर जनरल, टूल एंड डाई मेकर और शीट मेटल ट्रेड्स शामिल हैं।
इंटरव्यू के लिए जरूरी दस्तावेज
इच्छुक उम्मीदवारों को 12 जनवरी को समय से संस्थान परिसर में पहुंचने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल प्रमाण पत्र, प्रमाण पत्रों की 2-2 फोटोकॉपी का सैट, हाल ही में खिंचवाए गए पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और आधार कार्ड साथ लाना हाेगा। संस्थान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना आवश्यक दस्तावेजों के किसी भी अभ्यर्थी को इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।








