वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Himachal: सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान, सरकारी स्कूलों में नियुक्त होंगे अंग्रेजी और गणित के स्पैशल इंस्ट्रक्टर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के दौरे के दौरान प्रदेश की शिक्षा नीति में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। सीएम ने घोषणा की है कि सीबीएसई के अधीन लाए जा रहे सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए अंग्रेजी और गणित विषयों के लिए स्पैशल इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए जाएंगे, जिनकी भर्ती प्रक्रिया सरकार जल्द ही शुरू करने जा रही है।

अपने पैतृक गांव भवड़ां (ग्राम पंचायत अमलैहड़) में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अमलैहड़ स्कूल को सीबीएसई का दर्जा दिया गया है। यहां निर्माणाधीन राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और अगले शैक्षणिक सत्र से यहां कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इसके अलावा प्रदेश के चार चुनिंदा स्कूलों में (जिनमें अमलैहड़ भी शामिल है) मल्टीपल सब्जैक्ट सिस्टम शुरू किया जाएगा ताकि छात्र अपनी रुचि के अनुसार विषय चुन सकें।

किसानों और युवाओं की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक विधि से उगाई गई हल्दी को 90 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदेगी। किसान पांच कनाल भूमि पर हल्दी उगाकर 3 लाख रुपए तक कमा सकते हैं। बंजर भूमि पर सोलर प्लांट लगाने के लिए सरकार सबसिडी दे रही है। चार कनाल भूमि पर प्लांट लगाकर युवा सालाना 3 लाख रुपए का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं।

सीएम सुक्खू ने बताया कि नादौन क्षेत्र में पेयजल योजनाओं पर लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लोगों को शुद्ध पानी देने के लिए अब ब्लीचिंग पाउडर की जगह अत्याधुनिक यूवी टैक्नोलॉजी और ओजोनेशन प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जाएगा।

इस एकदिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को कई सौगातें भी दीं। मुख्यमंत्री ने पैतृक गांव भवड़ां में 60 लाख रुपए की लागत से निर्मित गुग्गा धाम एवं पार्क, ग्राम पंचायत गौना के गांव पखरोल में 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित श्री वैकुंठ धाम एवं पार्क और नादौन शहर के इंद्रपाल चौक पर स्वतंत्रता सेनानी इंद्रपाल की जीर्णोद्धार की गई प्रतिमा एवं स्मारक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान सोनिया ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!