कहते हैं अगर इंसान को अपने काम से प्यार हो जाए, तो वह मिसाल बन जाता है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक ऐसी ही अनोखी और दिल को छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। यहाँ HRTC के एक ड्राइवर ने अपनी ड्यूटी और बस के प्रति दीवानगी की सारी हदें पार कर दी हैं। ककरोटी निवासी ड्राइवर श्रीधर ने अपने घर की छत पर ही लकड़ी और टीन से एक हूबहू HRTC बस बना डाली है।
घर की छत पर असली बस जैसा एहसास
श्रीधर ने अपने नए बन रहे घर के ऊपर इस ढांचे को तैयार करवाया है। दूर से देखने पर यह बिल्कुल असली बस लगती है। इसमें असली बस की तरह ही पेंटिंग की गई है, टायर बनाए गए हैं और HRTC के लोगो और चिह्न लगाए गए हैं।
अंदर से है ‘फुली फर्निश्ड’
सिर्फ बाहर से ही नहीं, अंदर से भी यह ढांचा किसी लग्जरी बस से कम नहीं है। घर के अंदर से सीढ़ियां सीधे इस ‘बस’ में खुलती हैं। अंदर ड्राइवर सीट, स्टियरिंग व्हील और यहां तक कि कंडक्टर का थैला भी रखा गया है। बैठने के लिए आरामदायक व्यवस्था है और सामने शीशे से पहाड़ों का खूबसूरत नजारा दिखता है।
छुट्टी में भी बस का साथ
श्रीधर, जो साल 2016 में HRTC में भर्ती हुए थे, बताते हैं कि उनकी रोजी-रोटी और पहचान इसी विभाग से है। वे जब भी छुट्टी पर घर आते हैं, तो इसी बस में अपना समय बिताते हैं। यहीं खाना-पीना होता है और यहीं उन्हें सबसे ज्यादा सुकून मिलता है।
श्रीधर का घर बना सैल्फी पॉइंट
श्रीधर का यह अनोखा घर अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोग दूर-दूर से इस छत वाली बस को देखने आ रहे हैं और इसके साथ सेल्फी ले रहे हैं। जहां लोग अक्सर अपनी नौकरी से परेशान रहते हैं, वहीं श्रीधर का यह समर्पण वाकई काबिले तारीफ है।








