हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में वीरवार सुबह कुछ बिगड़ैल रईसजादों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। मामला हमीरपुर के सलासी का है, जहां सुबह करीब 4 बजे नशे में धुत्त युवकों और एक युवती ने शिमला जा रही एक निजी बस को रोका और तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, मौके से भागने के प्रयास में उनकी कार आगे जाकर एक ट्रक से टकरा गई, जिससे कार सवार बुरी तरह जख्मी हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह 4 से 5 बजे के बीच की है। ‘भारत बस’ धनेटा से शिमला के लिए जा रही थी। जैसे ही बस सलासी के पास पहुंची, वहां सड़क के बीचोंबीच 2 गाड़ियां खड़ी थीं। बस चालक और परिचालक ने जब हॉर्न बजाकर और निवेदन कर रास्ता मांगा, तो कार सवार युवक उनसे उलझ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार तीन लड़के और एक लड़की कार के पास मौजूद थे, जो नशे में धुत नजर आ रहे थे। उन्होंने बस स्टाफ और सवारियों के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। हद तो तब हो गई जब एक युवक ने बड़ा पत्थर उठाकर ड्राइवर साइड की खिड़की पर दे मारा, जिससे शीशा टूट गया। इस दौरान साथ में मौजूद लड़की एक लड़के को रोकने की कोशिश करती दिखी, लेकिन नशा सिर चढ़कर बोल रहा था।
बस में तोड़फोड़ और हुड़दंग मचाने के बाद ये लोग अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए, लेकिन थोड़ी ही दूर आगे जाने पर इनकी तेज रफ्तार गाड़ी एक ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कार में सवार लड़की और युवक बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। वीडियो में भले ही 3-4 लोग दिख रहे हों, लेकिन सूत्रों के मुताबिक 2 गाड़ियों में कुल 8 से 9 लोग सवार थे।
हमीरपुर के एसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान ले लिया है। उन्होंने कहा कि बस चालक ने बताया कि सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर रास्ता रोका गया था और हटाने के लिए कहने पर आरोपियों ने दुर्व्यवहार और तोड़फोड़ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कुछ लोगों काे डिटेन किया और कुछ की पहचान भी कर ली गई है। घायलों का इलाज चल रहा है और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपने बच्चों पर नजर रखने की अपील की है।








