वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Video: मजदूर पति ने पेट काटकर बनाया पुलिस अफसर, वर्दी मिलते ही पत्नी ने उसी पर दर्ज कराई FIR, जानें क्या है मामला

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यहां एक पति का आरोप है कि उसने दिहाड़ी मजदूरी कर अपनी पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और पुलिस अफसर (सब इंस्पेक्टर) बनाया, लेकिन वर्दी पहनते ही पत्नी ने उसी पति के खिलाफ दहेज और मारपीट का मुकद्दमा दर्ज करा दिया। वहीं, महिला सब इंस्पेक्टर ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और तेजाब फैंकने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?

हापुड़ निवासी गुलशन और पायल रानी एक-दूसरे को 2016 से जानते थे। 6 साल के प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने 2021 में कोर्ट मैरिज की और फिर 2022 में सामाजिक रीति-रिवाज से शादी की। गुलशन कम पढ़े-लिखा है और मजदूरी करता है, जबकि पायल रानी वर्तमान में बरेली में यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है।

पति का दर्द-परिवार से बगावत कर पत्नी को अफसर बनाया

गुलशन का दावा है कि पत्नी को अफसर बनाने के लिए उन्होंने दिन-रात मजदूरी की। परिवार के विरोध के बावजूद उन्होंने पायल को घर की चारदीवारी से निकालकर पढ़ने की आजादी दी। गुलशन का कहना है कि मैंने अपना एक-एक पैसा उसकी पढ़ाई पर लगाया। उसकी कामयाबी पर मैं सबसे ज्यादा खुश था और झूमकर नाचा था। लेकिन वर्दी मिलते ही उसके सुर बदल गए। गुलशन का आरोप है कि अब पायल उनसे अलग होने के लिए 10 लाख रुपए और एक गाड़ी की मांग कर रही है। मांग पूरी न होने पर पत्नी ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को दहेज, मारपीट और तेजाब फैंकने जैसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी और अंततः एफआईआर दर्ज करा दी।

पत्नी का आरोप-दहेज के लिए देते हैं तेजाब फैंकने की धमकी

दूसरी ओर सब इंस्पेक्टर पायल रानी ने अपनी शिकायत में पति गुलशन और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पायल का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष 10 लाख रुपए और कार की मांग कर रहा है। पायल के मुताबिक उसके मायके वालों ने सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हैं। उसने आरोप लगाया कि मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ पति का त्याग और विश्वासघात का दावा है, तो दूसरी तरफ महिला अफसर की दहेज प्रताड़ना की शिकायत। अब पुलिस तफ्तीश के बाद ही सच सामने आ पाएगा कि क्या यह मामला ज्योति मौर्य जैसा है या फिर हकीकत कुछ और है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!