वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: भयानक सड़क हादसे में 4 दोस्तों की एक साथ मौत, लोहड़ी के त्यौहार पर घराें में पसरा मातम

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ में एक ऐसा हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसने पल भर में चार परिवारों की खुशियां छीन लीं और लाेहड़ी के त्याैहार के दिन मातम पसर गया। उतराला-होली मार्ग पर सोकडू के पास एक वैगनआर कार के गहरी खाई में गिरने से चार युवकों की अकाल मृत्यु हो गई, जबकि उनका पांचवां साथी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात ये पांचों युवक अपनी कार (HP 53A -7600) में सवार होकर जा रहे थे। हंसी-मजाक और दोस्तों का साथ था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि काल उनका पीछा कर रहा है। सोकडू के समीप अचानक कार अनियंत्रित हुई और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा समाई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। 3 दोस्तों की सांसें तो मौके पर ही थम गईं, मानो नियति ने उन्हें संभलने का मौका तक न दिया हो।

मरने वाले सभी युवा थे, जिनके सामने पूरी जिंदगी पड़ी थी। इस हादसे ने पपरोला के 35 वर्षीय शिवांक सूद और 28 वर्षीय अरुण मेहरा, फटाहर के 27 वर्षीय रोहित और उतराला के 24 वर्षीय सुमित को उनके अपनों से हमेशा के लिए छीन लिया। गंभीर रूप से घायल सुमित को उतराला से निकालकर पपरोला के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुदरत को शायद कुछ और ही मंजूर था…उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं, उतराला निवासी रमन (27) इस भयावह मंजर का इकलौता गवाह और पीड़ित है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है, जहां डॉक्टर उसे बचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

हादसे की खबर मिलते ही अंधेरे और ठंड की परवाह किए बिना थाना प्रभारी यादेश ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने भी इंसानियत की मिसाल पेश की और पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को गहरी खाई से सड़क तक लाया।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए बैजनाथ अस्पताल में रखा गया है। कल्पना मात्र से ही दिल सिहर उठता है कि जब ये शव उनके घरों तक पहुंचेंगे, तो उन परिवारों पर क्या बीतेगी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताई है।

नीचे वीडियो देखें…

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!