हिमाचल प्रदेश में मौसम बड़ी करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वैस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होते ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और शीत लहर का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए चम्बा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों में यैलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रात 12 बजे के बाद वैस्टर्न डिस्टर्बेंस ज्यादा प्रभावी होगा, जिसका असर 23 जनवरी की शाम 7–8 बजे तक बना रहेगा। इस दौरान ऊंचे इलाकों में कई चरणों में भारी बर्फबारी हो सकती है। वहीं ऊना, चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और बिलासपुर जिलों में तेज बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जिसको लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट दिया गया है, जबकि हमीरपुर जिले में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके चलते प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सैल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 24 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ कुछ कमजोर पड़ेगा, जिससे केवल उच्च और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार रहेंगे। 25 जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि 26 जनवरी को एक और स्ट्रांग वैस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे 26 और 27 जनवरी को प्रदेशभर में अच्छी बारिश और बर्फबारी के संकेत मिल रहे हैं।
इस पूर्वानुमान से लंबे समय से सूखे दौर से जूझ रहे बागवानों को बड़ी राहत की उम्मीद जगी है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप शर्मा के अनुसार कल पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि, तेज हवाएं और शीत लहर का असर भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने लोगों को ऊंचाई वाले और संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है ।








