देवभूमि हिमाचल के बिलासपुर जिले में चोरों के हौसले अब इतने बुलंद हो गए हैं कि वे भगवान के घर को भी नहीं बख्श रहे। ताजा मामला स्वारघाट क्षेत्र के थापना का है, जहां प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर और समीप स्थित शनि देव मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है।
जानकारी के मुताबिक चोरों ने रात के समय चामुंडा माता मंदिर के ताले तोड़कर माता का अढ़ाई तोले का सोने का हार चोरी कर लिया। इस हार की कीमत करीब 4 लाख रुपए आंकी जा रही है। इसके अलावा, चोरों ने मंदिर के दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी हजाराें रुपए की नकदी भी चुरा ली। चोरों की नजर पास ही स्थित शनि देव मंदिर पर भी थी, जहां से वे पूरा दानपात्र ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना का पता तब चला जब मंदिर के पुजारी सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां का दृश्य देख वे दंग रह गए। मंदिर के ताले टूटे हुए थे और माता की मूर्ति से सोने का हार गायब था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को दी।
घटना की सूचना मिलते ही बीडीसी सदस्य रंगीराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने चोरी की इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। रंगीराम ने चोरों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे चोरी किया गया सामान और माता के जेवर तुरंत वापस कर दें अन्यथा अंजाम बुरा होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। साथ ही, उन्होंने आभूषण विक्रेताओं से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध रूप से सोने का हार बेचने आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।








