वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: भरमौर में ग्लेशियर ने मचाई तबाही, 3 दुकानें और 2 गाड़ियां बर्फ में दफन

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में कुदरत ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। भरमौर की पंचायत पूलन के ओट नाला में अचानक टूटे ग्लेशियर ने भारी तबाही मचाई। बर्फ के सैलाब ने 3 दुकानों और 2 मालवाहक वाहनों को पूरी तरह नष्ट कर दिया।

हादसा उस वक्त हुआ जब पूरा इलाका गहरी नींद में था। अचानक जोरदार आवाज के साथ आए मलबे ने ओट नाला क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि यह घटना रात के सन्नाटे में हुई। यदि यह हादसा दिन के समय होता तो बड़ा जानी नुक्सान हो सकता था। बर्फ के साथ आए मलबे का बहाव इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिलता।

ग्लेशियर की चपेट में आने से स्थानीय निवासी बंटी पुत्र देश राज की पिकअप और घड़लों देवी पत्नी जैहरी राम की पिकअप जीप मलबे में दब गईं। बताया जा रहा है कि दोनों गाड़ियां सामान से लदी हुई थीं। इसके अलावा नाले के किनारे बनी 3 व्यावसायिक दुकानें भी पूरी तरह नेस्तनाबूद हो गईं। मौके पर अब सिर्फ बर्फ, पत्थर और कीचड़ का ढेर नजर आ रहा है।

पूलन पंचायत की प्रधान अनीता कपूर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नुकसान काफी ज्यादा है। उन्होंने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचित कर दिया है। प्रधान ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के लिए तत्काल राहत और उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि उनकी रोजी-रोटी पर आए इस संकट को कम किया जा सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!