हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) नेरवा डिपाे की एक बस चौपाल-पांवटा साहिब रूट पर जाते समय उत्तराखंड के क्काणु क्षेत्र में भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में मौके पर ही 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक और परिचालक समेत 33 लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार उस वक्त हुआ जब बस चालक सामने से आ रहे वाहन काे पास दे रहा था। इसी सड़क किनारे लगा डंगा धंस गया, जिसके चलते बस कई फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के दाैरान माैके पर चीखाे-पुकार मच गई। हादसा इतना भयानक था कि 3 लाेगाें ने माैके पर ही दम ताेड़ दिया।
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता
दुर्घटना की सूचना मिलते ही हिमाचल और उत्तराखंड दोनों राज्यों का प्रशासन हरकत में आया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी मानवता का परिचय देते हुए पुलिस की मदद की और घायलों को खड्ड से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पतालों तक पहुंचाया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। देर शाम रैस्क्यू ऑप्रेशन पूरा होने के बाद प्रशासन ने मृतकों और घायलों की आधिकारिक सूची जारी की।
मृतकों की पहचान
प्रशासन के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में 2 महिलाएं और एक नेपाली मूल का व्यक्ति शामिल है। मृतकों में रिचा (30) पत्नी वीरेंद्र, निवासी बिजमल, तहसील नेरवा, जिला शिमला, यासमीन (38) पत्नी नेक मोहम्मद, निवासी कियरला, तहसील नेरवा, जिला शिमला और धन बहादुर, पुत्र कारी बहादुर, निवासी कियरला, तहसील नेरवा, जिला शिमला (मूल निवासी नेपाल) शामिल हैं।
हादसे में ये लाेग हुए घायल
हादसे में कुल 33 लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घायलों में हिमाचल प्रदेश के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के निवासी भी शामिल हैं। घायलों की सूची में डेढ़ साल का बच्चा और बस चालक भी शामिल हैं। घायलों में नेक मोहम्मद, श्याम सिंह चौहान (59), अंजना (22), ईश्वर शर्मा (32), वंशुल, रजत (27), विशयश कुमार (29), निधि राणा (18), गजल राणा (20), ईशु शर्मा (36), पंशुल (1 वर्ष 6 माह), अंजलि (25), नर्गिस (20), शहजाद (26), सुशांत (16), हुसैन अली (45), केवल राम शर्मा (63), सुमित (19), निशा (34) व प्रगति जोशी (12) (सभी जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश), बिहार निवासी विनोद कुमार (24), किशन कुमार (30), प्रदीप (35), घमंडू पंडित (55) व वीरेश कुमार (22), उत्तराखंड निवासी बलवीर सिंह (46) व वीर सिंह (58), उत्तर प्रदेश निवासी कयूम (38) व विजय कुमार (35) और हरियाणा निवासी मोमिना (12) शामिल है।
अफवाहों पर प्रशासन की चेतावनी
हादसे के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर मृतकों की संख्या को लेकर कई तरह की भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाई गईं। इस पर चिंता जाहिर करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक आधिकारिक पुष्टि न हो, किसी भी सूचना पर विश्वास न करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संवेदनशील मौकों पर गलत सूचनाएं साझा करने से गुरेज करें।








