जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तब सोलन पुलिस के कप्तान (SP) गौरव सिंह अपनी ही फोर्स की नींद उड़ाने निकल पड़े। रात के घुप अंधेरे और 2 बजे के सन्नाटे के बीच एसपी ने ऐसा औचक निरीक्षण किया कि पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नतीजा…5 पुलिसकर्मी सस्पैंड और 4 होमगार्ड जवानों पर विभागीय कार्रवाई।
फिल्मी स्टाइल में हुई ‘नाइट रेड’
अक्सर फिल्मों में देखा जाता है कि एक सख्त पुलिस अफसर अपनी ही टीम की मुस्तैदी परखने के लिए वेश बदलकर या अचानक मौके पर पहुंच जाता है। सोलन में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। साेमवार रात के समय एसपी गौरव सिंह अपनी गाड़ी में बिना किसी लश्कर के परवाणू, धर्मपुर और सोलन सदर के थाना क्षेत्रों में निकल गए। उनका मकसद साफ था… यह देखना कि क्या पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए जाग रही है, या खुद नींद के आगोश में है।
ड्यूटी से नदारद मिली खाकी
जैसे ही एसपी की गाड़ी नाकों और थानों पर पहुंची, हकीकत सामने आ गई। जिस वक्त सड़कों पर गश्त होनी चाहिए थी, वहां सन्नाटा था। कई जगहों पर पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। गश्त व्यवस्था पूरी तरह से लचर पाई गई। एक जगह तो जांच अधिकारी ही अपनी जिम्मेदारी को ताक पर रखकर आराम फरमाते मिले।
ऑन द स्पॉट एक्शन
एसपी गौरव सिंह अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने मौके पर ही लापरवाही देख कड़ा रुख अपनाया। बिना किसी देरी के, ड्यूटी में कोताही बरतने वाले 5 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पैंड कर दिया। वहीं, ड्यूटी में ढिलाई बरतने वाले 4 होमगार्ड जवानों की रिपोर्ट बनाकर उनके खिलाफ भी विभागीय डंडा चला दिया है।
महकमे में खलबली
रात के अंधेरे में हुई इस कार्रवाई की गूंज सुबह होते-होते पूरे जिले में फैल गई। पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी के इस सख्त संदेश ने साफ कर दिया है कि वर्दी पहनी है तो ड्यूटी मुस्तैदी से करनी होगी, लापरवाही की कोई जगह नहीं है। माना जा रहा है कि एसपी के इस नाइट सरप्राइज के बाद अब सोलन की सड़कों पर रात में पुलिस की गश्त और भी चौकस नजर आएगी।








