हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ग्रामीण इलाकों में 4 नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई है। जिला के ठियोग उपमंडल से तीन लड़कियां और कुमारसैन से एक 16 वर्षीय किशोर रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए हैं। एक साथ चार बच्चों के लापता होने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
मां अस्पताल से लौटी तो बेटा था गायब, नंबर भी किए ब्लॉक
पहला मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 4 फरवरी को इलाज के लिए शिमला स्थित आईजीएमसी अस्पताल गई थी। 5 फरवरी को जब वह वापस घर लौटी तो उसका 16 वर्षीय बेटा घर पर नहीं था। चौंकाने वाली बात यह है कि किशोर ने परिजनों के सभी मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए हैं, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर किशोर की लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया है।
ननिहाल आई किशोरी समेत तीन लड़कियां लापता
वहीं, ठियोग उपमंडल में स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है, जहां एक ही क्षेत्र से तीन नाबालिग लड़कियां लापता हैं। जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को लेलू पुल के पास अपने ननिहाल आई एक 16 वर्षीय किशोरी अचानक गायब हो गई। जब छानबीन शुरू हुई तो पता चला कि इलाके की दो अन्य लड़कियां (जिनकी उम्र महज 12 और 13 वर्ष है) भी लापता हैं। एक ही समय और एक ही क्षेत्र से तीन लड़कियों के गायब होने से पुलिस मानव तस्करी या किसी बड़ी साजिश के एंगल से भी जांच कर रही है।
पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर कर रही छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। बच्चों के मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। यदि किसी को भी इन बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दें। पुलिस ने विश्वास दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।








