हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के खिलाड़ियों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि हरियाणा की पहचान अब केवल खेती और सेना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश विश्व स्तर पर ‘खेलों की जननी’ बन चुका है। सोमवार को गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री कप के भव्य आगाज और राष्ट्रीय खेल विजेताओं के सम्मान समारोह में सीएम ने स्पष्ट किया कि हरियाणा की माटी से अब केवल अनाज नहीं, बल्कि चैंपियन निकलते हैं।
417 पदक विजेताओं को 24 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वितरित
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में परचम लहराने वाले 417 पदक विजेताओं को लगभग 24 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के 153 पदक जीतना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के युवाओं में अटूट संकल्प और अनुशासन है। कार्यक्रम के दौरान हॉकी की दीवार कही जाने वाली पद्मश्री सविता पूनिया को सम्मानित करते हुए सीएम ने उन्हें प्रदेश की बेटियों का रोल मॉडल बताया।
गांव-गांव से निकलेगी खिलाड़ी फौज
खेलों के इस महाकुंभ मुख्यमंत्री कप के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन में 3600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का विजन हर गांव और हर शहर की छिपी हुई प्रतिभा को तराशना है। इस प्रतियोगिता में स्वर्ण विजेताओं को 1 लाख रुपए तक के नकद ईनाम दिए जाएंगे, ताकि आर्थिक तंगी किसी खिलाड़ी के सपने के आड़े न आए।
भाजपा सरकार ने खेल बजट में की ऐतिहासिक बढ़ाैतरी
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की तुलना में खेल बजट में किए गए भारी इजाफे का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2014-15 में जो बजट महज 275 करोड़ रुपये था, उसे भाजपा सरकार ने बढ़ाकर 602.18 करोड़ रुपए कर दिया है। पिछले 11 वर्षों में खेल बुनियादी ढांचे पर 989 करोड़ रुपएखर्च किए गए हैं, जो प्रदेश के इतिहास में एक रिकॉर्ड है।
‘विजयी भव’ योजना के तहत 2036 के ओलिंपिक का टारगेट
हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि “खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब” वाली पुरानी कहावत अब “खेलोगे कूदोगे बनोगे लाजवाब” में बदल चुकी है। उन्होंने बताया कि ‘विजयी भव’ योजना के तहत 2036 के ओलिंपिक को टारगेट किया जा रहा है। खिलाड़ियों को न केवल ईनाम, बल्कि चोटिल होने पर 20 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और सुरक्षित भविष्य के लिए सरकारी नौकरियों की गारंटी दी जा रही है।
हरियाणा में स्टेडियमों और नर्सरियों का बिछा जाल
सीएम ने बताया कि हरियाणा आज आधुनिक खेल सुविधाओं के मामले में देश में नंबर-1 है। 1,472 खेल नर्सरियों में 37 हजार बच्चों को तैयार किया जा रहा है। प्रदेश में 14 हॉकी एस्ट्रोटर्फ, 11 सिंथेटिक ट्रैक और सोनीपत के राई में विश्वस्तरीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना सरकार की खेल-नीति की सफलता को दर्शाती है।
231 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी पदों पर मिली नियुक्ति
खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ के तहत 550 नए पद सृजित किए गए हैं। सीएम ने गर्व से बताया कि अब तक 231 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीधे सरकारी पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे जीत पर अहंकार न करें और हार से कभी निराश न हों, बल्कि देशभक्ति को अपना मूल मंत्र बनाएं। इस अवसर पर उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक बिमला चौधरी, खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया और निदेशक पार्थ गुप्ता सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।








